भिवानी: सोलर एजेंसी के नाम पर ₹8.72 लाख की ठगी, 4 आरोपी गिरफ्तार
टाटा सोलर एजेंसी दिलाने के नाम पर ₹8.72 लाख की धोखाधड़ी। भिवानी साइबर क्राइम पुलिस ने दिल्ली से 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया। 2 आरोपी 5 दिन के रिमांड पर।
थाना साईबर क्राईम पुलिस भिवानी ने टाटा सोलर एजेंसी दिलाने के नाम पर ₹ 8,72,200/- रुपए की ऑनलाइन धोखाधड़ी करने के मामले में चार आरोपियों को किया गिरफ्तार।
पुलिस टीम द्वारा आरोपी अजीत कुमार व कुंदन सिंह को 05 दिन के पुलिस रिमांड पर किया गया हासिल।
पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री सुमित कुमार के निर्देशानुसार जिले में आम नागरिकों के साथ ऑनलाइन धोखाधड़ी कर रुपए हड़पने वाले आरोपियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में कार्रवाई करते हुए थाना साइबर क्राइम भिवानी पुलिस ने टाटा सोलर एजेंसी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ऑनलाइन धोखाधड़ी करने के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
इस संबंध में सुनील निवासी भिवानी ने थाना साइबर क्राइम भिवानी में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह विभिन्न कंपनियों की सोलर एजेंसी संचालित करता है तथा नई सोलर एजेंसी लेने के लिए उसने ऑनलाइन आवेदन किया था। इसी दौरान आरोपियों ने फर्जी वेबसाइट के माध्यम से स्वयं को टाटा सोलर एजेंसी उपलब्ध करवाने वाला बताकर अलग-अलग समय पर विभिन्न ऑनलाइन ट्रांजैक्शनों के माध्यम से उससे कुल ₹ 8,72,200/- की राशि प्राप्त कर ली। इसके बाद न तो उसे सोलर एजेंसी उपलब्ध करवाई गई और न ही उसकी राशि वापस की गई शिकायत के आधार पर थाना साईबर क्राइम भिवानी में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले में प्रभावी कार्रवाई करते हुए दिनांक 10.06. 2026 को थाना साइबर क्राइम भिवानी के सहायक उप निरीक्षक विजय कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दिल्ली से चार आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान प्रकाश कुमार पुत्र गणेश कुमार निवासी नैनसुख मोहल्ला, बहरोड़, जिला अलवर (राजस्थान), हाल निवासी नरेला, दिल्ली, गुड्डू कुमार पुत्र विनय कुमार निवासी सैफियाबाद, गली नंबर-19, नरेला, दिल्ली, अजीत कुमार पुत्र अनिल कुमार निवासी जिला नवादा (बिहार), हाल निवासी लक्ष्मी नगर, दिल्ली तथा कुंदन सिंह पुत्र अभय सिंह निवासी राधा कृष्ण कॉलोनी, पटना (बिहार), हाल निवासी लक्ष्मी नगर, दिल्ली के रूप में हुई है।
पुलिस टीम द्वारा सभी आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने आरोपी प्रकाश कुमार एवं गुड्डू कुमार को न्यायिक हिरासत में भेजते हुए जिला कारागार भेजने के आदेश दिए हैं। वहीं आरोपी अजीत कुमार एवं कुंदन सिंह को आगे की पूछताछ के लिए 05 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी प्रकाश कुमार ने धोखाधड़ी में प्रयुक्त सिम उपलब्ध करवाई थी। इसके बाद आरोपी गुड्डू कुमार द्वारा उक्त सिम अन्य आरोपियों को ऑनलाइन धोखाधड़ी करने के लिए उपलब्ध करवाई गई थी।
रिमांड अवधि के दौरान आरोपियों से गहन पूछताछ की जाएगी तथा मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान एवं गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

