Ladli Yojana Payment Delay Action: भिवानी में लाडली योजना की राशि में देरी पर डीसी साहिल गुप्ता का बड़ा एक्शन, अकाउंटेंट चार्जशीट
लाडली योजना की राशि में देरी पर DC का बड़ा एक्शन, अकाउंटेंट को किया चार्जशीट॥
डेढ़ महीने की देरी पड़ी भारी, कष्ट निवारण समिति में अकाउंटेंट पर कार्रवाई।
भिवानी : भिवानी में जिला लोक एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक में अधिकारियों की लापरवाही पर बड़ा एक्शन देखने को मिला। लाडली योजना की परिपक्वता राशि के भुगतान में करीब डेढ़ महीने की देरी सामने आने पर डीसी साहिल गुप्ता ने संबंधित विभाग के अकाउंटेंट को चार्जशीट कर दिया। बैठक में कुल 12 परिवाद रखे गए, जिनमें 8 का निपटारा कर दिया गया, जबकि 4 मामलों को जांच और रिपोर्ट के लिए लंबित रखा गया।
भिवानी के पंचायत भवन में आयोजित जिला लोक एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक में जन शिकायतों पर सुनवाई हुई। बैठक में कुल 12 परिवाद रखे गए, जिनमें 8 नए और 4 पुराने मामले शामिल थे। इनमें से 8 परिवादों का निपटारा कर दिया गया, जबकि 4 मामलों में संबंधित अधिकारियों से रिपोर्ट और जांच मांगी गई है।
बैठक में गांव बडेसरा निवासी सपना पुत्री अनिल कुमार का परिवाद भी सामने आया। मामला महिला एवं बाल विकास विभाग की लाडली योजना की परिपक्वता राशि से जुड़ा था। शिकायतकर्ता की ओर से राशि का भुगतान लंबित होने की शिकायत की गई थी।
मामले में जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग की रिपोर्ट के अनुसार लाडली योजना की परिपक्वता राशि का बजट 10 अगस्त 2026 को संबंधित परियोजना अधिकारी को जारी कर दिया गया था। कुल 75 लाख 83 हजार 356 रुपये 88 पैसे की राशि जारी की गई थी, जिसमें भिवानी ग्रामीण प्रथम क्षेत्र के 81 लाभार्थी शामिल थे।
संबंधित परियोजना अधिकारी ने शिकायतकर्ता सपना को नियमानुसार देय राशि का भुगतान कष्ट निवारण समिति की बैठक शुरू होने से पहले ही उसके खाते में कर दिया। लेकिन राशि के भुगतान में करीब एक से डेढ़ महीने की देरी को डीसी साहिल गुप्ता ने गंभीरता से लिया। देरी के लिए जिम्मेदार संबंधित अकाउंटेंट के खिलाफ चार्जशीट की कार्रवाई की गई है।

डीसी साहिल गुप्ता ने कहा कि वो अकाउंटेंट PO, ICDs डिपार्टमेंट के थे और जिन्होंने जो हमारे 18 साल के ऊपर थे, उनके जो व्यूज आने थे, डिस्पर्स होने थे, उसमें देरी की थी 1-1.5 महीने की। उसके बेसिस पर हमने चार्जशीट की है।”
डीसी ने साफ किया कि जन शिकायतों के समाधान में किसी भी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही और अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को समय पर शिकायतों का निपटारा करने की हिदायत दी जाती है और इसके बावजूद लापरवाही सामने आने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
डीसी साहिल गुप्ता ने कहा कि उनको हम पहले तो समय-समय पर हिदायत ही देते हैं कि आप इस प्रकार कोई भी मामला न हो जिसमें आपके एंड पर कोई डिले हो, फिर भी होता है तो उनके अगेंस्ट हम डिपार्टमेंटल एक्शन जरूर लेते हैं।”
बैठक में ड्रेन खोदने से जुड़े मामले पर भी सुनवाई हुई। डीसी ने बताया कि मामले में कुछ लोग विभाग की कार्रवाई से सहमत हैं, जबकि कुछ लोग सहमत नहीं हैं। इसको लेकर जांच डीएमसी को मार्क की गई है और अगली बैठक से पहले रिपोर्ट मांगी गई है। सेक्टर-13 से जुड़े एक मामले में भी संबंधित एक्सईएन को तत्काल एस्टीमेट तैयार करवाकर मुख्यालय भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
:बैठक के दौरान शहर की सफाई व्यवस्था पर भी चर्चा हुई। डीसी साहिल गुप्ता ने बताया कि पिछले एक सप्ताह में शहर में व्यापक सफाई अभियान चलाया गया है। कई कचरा प्वाइंट और GVP साफ करवाए गए हैं। जिन स्थानों पर अभी भी गंदगी है, वहां भी सफाई कराई जा रही है और डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन को दोबारा शुरू करने की दिशा में काम किया जा रहा है।
शहर में बढ़ते मच्छर-मक्खियों के प्रकोप को देखते हुए फॉगिंग को लेकर भी डीएमसी और सीएमओ कार्यालय को निर्देश दिए गए हैं। डीसी ने दोनों विभागों को फॉगिंग अभियान लगातार जारी रखने के निर्देश दिए हैं। डीसी साहिल गुप्ता ने कहा कि हमने निर्देशित कर दिया है दोनों DMC और CMO ऑफिस को कि वो अपनी फागिंग एक्सरसाइज़ जारी रखें।
कष्ट निवारण समिति की बैठक में 12 में से 8 परिवादों का निपटारा हुआ, लेकिन लाडली योजना की राशि में देरी के मामले में अकाउंटेंट पर हुई चार्जशीट की कार्रवाई बैठक का प्रमुख मुद्दा रही। डीसी ने साफ कर दिया कि सरकारी कामकाज में लापरवाही और शिकायतों के समाधान में देरी करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई जारी रहेगी।