Bhiwani DC Meeting: बारिश के पानी से प्रभावित होने वाले स्कूलों के लिए विशेष प्रबंध, बच्चों की सुरक्षा पर प्रशासन सख्त
भिवानी डीसी साहिल गुप्ता ने शिक्षा विभाग की बैठक में दिए निर्देश। जलभराव वाले स्कूलों को ठीक करने और जर्जर कमरों को कंडम घोषित करने के आदेश।
जलभराव से प्रभावित स्कूलों की स्थिति में सुधार किया जाए: डीसी
स्कूलों में बुनियादी सुविधाएं मुहैया करवाई जाएं: डीसी साहिल गुप्ता
समीक्षा बैठक में डीसी साहिल गुप्ता ने दिए शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश
भिवानी, 21 अक्टूबर। डीसी साहिल गुप्ता की अध्यक्षता में लघु सचिवालय परिसर में शिक्षा विभाग के अधिकारियों की एक बैठक आयोजित हुई। बैठक में डीसी श्री गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मानसून का मौसम आने में अभी काफी समय है, ऐसे में बारिश के दौरान जल भराव से प्रभावित या संभावित जलभराव स्कूलों में उचित प्रबंध करें ताकि मानसून के दौरान स्कूल परिसरों में जलभराव की स्थिति ना बनें। उन्होंने कहा कि स्कूल परिसर में पानी भरने से बच्चों की पढ़ाई बाधित होती है, जबकि पढ़ाई बाधित नहीं होनी चाहिए। बैठक के दौरान एडीसी दीपक बाबू लाल करवा व नगराधीश अनिल कुमार भी मौजूद रहे।
डीसी श्री गुप्ता ने बैठक के दौरान मानसून में जलभराव वाले स्कूलों, वीबीजीरामजी के तहत जरूरत वाले स्कूल परिसरों में मिट्टी डालकर जमीन के लेवल को दुरुस्त करने, जर्जर स्कूल भवनों को कंडम घोषित करने की प्रक्रिया पूरी करवाने व ऐसे स्कूलों के बच्चों को नजदीकी स्कूल में शिफ्ट करवाने, अधिकारियों द्वारा स्कूलों का निरीक्षण, स्कूल के उपर से गुजरने वाली हाईटेंशन बिजली तार को हटवाने, स्कूलों में पर्याप्त व शुद्ध पेयजल के लिए पेयजल की गुणवत्ता की जांच आदि की समीक्षा की।
डीसी ने निर्देश देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी स्वयं स्कूलों की स्थिति को लेकर समीक्षा करते हैं। मुख्यमंत्री द्वारा स्कूलों की दशा सुधारने को लेकर स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। ऐसे में संबंधित अधिकारी किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतें। उन्होंने कहा कि जिन स्कूलों या स्कूल कमरों को कंडम घोषित किया जाना है, उनकी प्रक्रिया शीघ्र पूरी करें ताकि उनकी जगह नए भवन का निर्माण करवाया सके। उन्होंने कहा कि सभी स्कूलों में पीने के पानी की जांच होनी चाहिए, इसके लिए सैंपलिंग करवाई जाए।

डीसी ने समग्र शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि बच्चों के सुरक्षा कैंप आयोजित, किचन गार्डन, साईंस प्रदर्शनी, युवा इक्को क्लब बनाने, स्मार्ट क्लास, बच्चों का किसी अच्छे आईटी सेक्टर या बैंक आदि में भ्रमण करवाने आदि गतिविधियां प्रभावशाली ढंग से करवाने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में डीपीसी शिव कुमार तंवर ने डीसी श्री गुप्ता को बताया कि बारिश के दौरान जिला में करीब 66 स्कूलों के आसपास पानी जमा होता है, इनमें से 22 स्कूल ऐसे हैं, जहां स्कूल परिसर में भी पानी जमा हो जाता है, इन स्कूल परिसरों में मिट्टी डलवाकर परिसर को दुरूस्त करना जरूरी है। उन्होंने बताया कि 84 स्कूलों के 356 कमरे जर्जर हैं, जिनमें से 118 कंडम घोषित किया जा चुका है और 43 कमरों के नए बनाने की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। उन्होंने बताया कि 238 कमरों को कंडम घोषित किया जाना है।
इस पर डीसी ने संबंधित अधिकारियों को संयुक्त टीम बनाकर स्कूलों का निरीक्षण करने व रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए। इस दौरान जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी सोमबीर कादयान, जिला शिक्षा अधिकारी निर्मल दहिया व सीएमजीजीए सांभवी, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी विनय जिंदल मौजूद रहे।