Haryana Voter List Revision 2026: भिवानी में मतदाता सूची पुनरीक्षण तेज, 1 जुलाई 2026 को 18 साल के युवा कॉलेज कैंप में बनवाएं वोट

डीसी साहिल गुप्ता ने ईआरओ और एईआरओ के साथ बैठक कर मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण और कॉलेज कैंपों को लेकर निर्देश दिए।
 
हरियाणा निर्वाचन आयोग न्यूज

डीसी ने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर ईआरओ को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश


भिवानी, 12 अगस्त। डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी साहिल गुप्ता की अध्यक्षता में जिले के सभी निर्वाचक पंजीयन अधिकारियों तथा अतिरिक्त/सहायक निर्वाचक पंजीयन अधिकारियों के साथ वीसी के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित हुई। उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी हरियाणा, चंडीगढ़ के निर्देशानुसार एक जुलाई 2026 को अर्हता तिथि मानकर मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


बैठक में उन्होंने निर्देश दिए कि सभी निर्वाचक पंजीयन अधिकारी अपने-अपने विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में सभी प्रकार के नोटिस संबंधित मतदाताओं को एक सप्ताह के अंदर वितरित करवाना सुनिश्चित करें तथा लंबित नोटिसों को री-शेड्यूल करने की कार्रवाई करें। प्राप्त फॉर्म नंबर 7 की गहनता से जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को कहा कि मतदाता स्तर के अधिकारियों यानि बीएलओ की बैठक बुलाकर री-शेड्यूल किए गए नोटिसों का भारत निर्वाचन आयोग की हिदायतों के अनुसार निपटारा करवाया जाए तथा सभी बीएलओ घर-घर जाकर नोटिसों का निपटारा सुनिश्चित करें।


जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी निर्वाचक पंजीयन अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने-अपने दो विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में नोटिसों के निपटारे के लिए तैयार किए गए शेड्यूल की प्रति 12 अगस्त तक जिला निर्वाचन कार्यालय, भिवानी में भिजवाना सुनिश्चित करें। इसके साथ ही संबंधित सहायक निर्वाचक पंजीयन अधिकारियों के माध्यम से सभी कॉलेजों में मतदाता जागरूकता कैंप लगवाने के निर्देश दिए गए, ताकि एक जुलाई 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके विद्यार्थियों के वोट बनवाए जा सकें। उन्होंने कॉलेजों में कैंप का शेड्यूल तैयार कर जिला निर्वाचन कार्यालय में भेजने के लिए भी निर्देश दिए।


बैठक में उन्होंने निर्देश दिए कि सभी निर्वाचक पंजीयन अधिकारी अपने विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में नियुक्त अतिरिक्त/सहायक निर्वाचक पंजीयन अधिकारियों के दावे, आपत्ति एवं नोटिस की सुनवाई के स्थान और समय की सूची अपने स्तर पर प्रचार-प्रसार करवाएं, ताकि आमजन को इसकी जानकारी मिल सके। उन्होंने सभी निर्वाचक पंजीयन अधिकारियों को फॉर्म नंबर 6, 7 एवं 8 की चेकिंग बेहतर तरीके से करने तथा अपने विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में गणमान्य व्यक्तियों एवं प्रमुख व्यक्तियों की पहचान करवाकर मतदाता सूची में मार्क करना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


उन्होंने अतिरिक्त संबंधित विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में पडऩे वाले सीएससी सेंटरों के ऑपरेटरों की बैठक बुलाकर उन्हें निर्देश देने को कहा कि पहचान पत्र से संबंधित फॉर्म में किसी भी प्रकार का गलत दस्तावेज न लगाया जाए। उन्होंने बैठक में उपस्थित सभी अधिकारियों को निर्देशों की अनुपालना सुनिश्चित करते हुए निर्धारित समय पर रिपोर्ट जिला निर्वाचन कार्यालय, भिवानी में भेजने के निर्देश दिए।


भिवानी विधानसभा क्षेत्र के लिए एईआरओ इन कार्यस्थल पर ले रहे दावे व आपत्तियां


भिवानी विधानसभा क्षेत्र के पंजीयन अधिकारी एवं एसडीएम महेश कुमार ने बताया कि अजितेंद्र सिंह एईआरओ बूथ संख्या 1-20, कमरा नं. 108, प्रथम तल, चौ. बंसीलाल पॉलिटेक्निक, सेक्टर-13, भिवानी में दावे व आपत्तियां प्राप्त कर रहा है। इसी प्रकार से दीपक कुंडू बूथ संख्या 21-40, प्रथम तल, बस स्टैंड, भिवानी, विनोद फौगाट  बूथ संख्या 41-60, कमरा नं. 160, कृषि कार्यालय, प्रथम तल, मिनी सचिवालय, भिवानी, राजा राम बूथ संख्या 61-80, कमरा नं. 3, ईओ कार्यालय, नगर परिषद, भिवानी, गौरव बूथ संख्या 81-100, कमरा नं. 27, नायब तहसीलदार कार्यालय भिवानी में दावे व आपत्ति प्राप्त कर रहा है। एसडीएम ने बताया कि रवि कुमार बूथ संख्या 101-120, एसडीई, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, महम रोड, भिवानी,अनिल राठी बूथ संख्या 121-140, सॉइल टेस्टिंग लैब, लोहारू रोड, अनाज मंडी, भिवानी, जयबीर सिंह बूथ संख्या 141-160, कमरा नं. 11, तहसीलदार कोर्ट, मिनी सचिवालय, भिवानी, नवीन कुमार बूथ संख्या 161-180, बीडीपीओ कार्यालय, रेलवे स्टेशन के निकट, भिवानी, रिंकू बूथ संख्या 181-200, बीडीपीओ कार्यालय, नजदीक रेलवे स्टेशन भिवानी, प्रदीप कौशिक बूथ संख्या 201-227, कमरा नं. 146, प्रथम तल, जिला खाद्य एवं आपूर्ति कार्यालय, मिनी सचिवालय, भिवानी में सुनवाई कर रहे हैं।