भिवानी जिला बार सभागार में गूंजी महाराणा प्रताप की वीरता की गाथा
सत्य व स्वाभिमान के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है महाराणा प्रताप का जीवन : अधिवक्ता संदीप तंवर
भिवानी, 09 मई : महान राष्ट्रभक्त और अदम्य साहस के प्रतीक महाराणा प्रताप की जयंती के अवसर पर शनिवार को भिवानी के जिला बार सभागार में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला बार एसोसिएशन भिवानी और भाजपा लीगल सेल द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित इस कार्यक्रम में भारी संख्या में अधिवक्ताओं ने शिरकत की और वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप को श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्यक्रम का शुभारंभ महाराणा प्रताप के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। इस दौरान पूरा सभागार उनके जयकारों से गुंजायमान हो उठा। इस अवसर पर जिला बार एसोसिएशन भिवानी के प्रधान अधिवक्ता संदीप तंवर व भाजपा लीगल सैल के जिला अध्यक्ष अधिवक्ता दिनेश वर्मा ने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन हमें सिखाता है कि सत्य और स्वाभिमान के मार्ग पर चलते हुए कभी झुकना नहीं चाहिए।
आज के दौर में अधिवक्ताओं की जिम्मेदारी और बढ़ गई है। हमारा संकल्प है कि हम उनके दिखाए मार्ग पर चलते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय पहुंचाने का काम करेंगे। न्यायपालिका की मजबूती और आमजन का कानून में विश्वास बनाए रखना ही महाराणा प्रताप को हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप केवल एक योद्धा नहीं, बल्कि एक उच्च आदर्श थे जिन्होंने राष्ट्र की तरक्की और अखंडता के लिए अपना सब कुछ न्योछावर कर दिया। समारोह के समापन पर सभी अधिवक्ताओं ने सामूहिक रूप से संकल्प लिया कि वे पेशेवर नैतिकता का पालन करेंगे, गरीबों और वंचितों को न्याय दिलाने में अग्रणी भूमिका निभाएंगे और देश की एकता व अखंडता को बनाए रखने के लिए सदैव तत्पर रहेंगे। इस अवसर पर जिला बार एसोसिएशन भिवानी के सचिव विनोद भारद्वाज सहित अन्य अधिवक्ता गण मौजूद रहे।

