Dr Gagandeep Kaur Singh News 2026: सेशन जज डॉ. गगनदीप कौर सिंह ने किया भिवानी जिला कारागार का औचक निरीक्षण: कैदियों की सुनी समस्याएं
सेशन जज डॉ. गगनदीप कौर सिंह ने जिला कारागार का किया औचक निरीक्षण
औचक निरीक्षण के दौरान सेशन जज डॉ. गगनदीप कौर सिंह ने कैदियों की सुनी समस्याएं
भिवानी, 26 नवम्बर। जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के चेयरमैन एवं जिला एवं सत्र न्यायाधीश डॉ. गगनदीप कौर सिंह तथा सीजेएम-कम-सचिव पवन कुमार ने जिला कारागार का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जेल में बंद कैदियों व हवालातियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सेशन जज ने जेल प्रशासन को निर्देश दिए कि कैदियों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए और उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने जेल की विभिन्न बैरिकों का कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कैदियों से उनके मामलों की प्रगति, कानूनी सहायता की उपलब्धता और अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। कैदियों के मामलों में आ रही दिक्कतों के समाधान के लिए उन्होंने उचित कानूनी सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जरूरतमंद कैदियों को समय पर कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाए ताकि वे न्यायिक प्रक्रिया में पीछे न रहें।

इसके अलावा उन्होंने जेल अस्पताल का भी दौरा किया। उन्होंने वहां उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, दवाइयों की उपलब्धता और डॉक्टरों की उपस्थिति की जांच की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कैदियों के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और बीमार कैदियों को समय पर उचित इलाज उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने जेल के किचन का निरीक्षण कर वहां तैयार हो रहे भोजन की गुणवत्ता को परखा और साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने जेल प्रशासन को निर्देश दिए कि भोजन तैयार करते समय स्वच्छता के सभी मानकों का पालन किया जाए और कैदियों को पौष्टिक एवं गुणवत्ता युक्त भोजन उपलब्ध कराया जाए।
सेशन जज डॉ. गगनदीप कौर सिंह ने कहा कि जेल में बंद कैदियों के भी मानवाधिकार हैं। उन्हें मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण का उद्देश्य है कि प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति को समय पर न्याय और कानूनी सहायता मिले, चाहे वह जेल में ही क्यों न हो। निरीक्षण के दौरान जेल प्रशासन के अधिकारी व अन्य संबंधित कर्मचारी भी उपस्थित रहे।