BSEH Haryana Cultural Event: हरियाणवी संस्कृति का महाकुंभ, चेयरमैन शंकर लाल धूपड़ ने विजेता विद्यार्थियों को किया सम्मानित
भिवानी में जारी दो दिवसीय जिला स्तरीय सांस्कृतिक उत्सव का समापन, प्रतिभागियों को किया सम्मानित
समूह लोक नृत्य, एकल लोक नृत्य, रागिनी में 7 ब्लॉकों से 532 विद्यार्थियों ने दिखाई अपनी प्रतिभा, राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे विजेता
संस्कृति से जुड़ाव और सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम है सांस्कृतिक उत्सव : चेयरमैन शंकर लाल धूपड़
भिवानी, 26 अगस्त : शिक्षा विभाग हरियाणा द्वारा स्थानीय हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के सर्वपल्ली राधाकृष्णन स्कूल में आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय सांस्कृतिक उत्सव बुधवार को हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हो गया। इस उत्सव का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ सह-शैक्षणिक गतिविधियों से जोडक़र उनका सर्वांगीण विकास करना और उन्हें अपनी समृद्ध सांस्कृतिक जड़ों से परिचित कराना रहा। इस दो दिवसीय आयोजन का थीम हरियाणा की संस्कृति, नैतिक मूल्य व पर्यावरण विषय पर रहा।
इस मौके पर बतौर मुख्यअतिथि हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन शंकर लाल धूपड़ ने शिरकत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता कैरू खंड शिक्षा अधिकारी महेंद्र सिंह गिल ने की। इस दौरान विशिष्ट अतिथियों के तौर पर बवानीखेड़ा बीईओ सतेंद्र सिंह, प्राचार्य भगत सिंह कोठारी पहुंचे। कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों का स्वागत विद्यालय प्राचार्या मीनाक्षी कौशिक ने किया। कार्यक्रम के जिला संयोजक संजय सैनी रहे। प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल में डा. आनंद वर्धन शर्मा, रवि शर्मा, डा. रेखा, डा. रचना, डा. सविता, राकेश रोहिल्ला, मनीष यादव, शैलेस जांगड़ा, प्रमोद शर्मा, नवल किशोर, कमल शर्मा, सुनीता श्योराण, मोतीलाल, लियाकत अली, हरीश, ज्योति शेखावत, बबीता रॉय, सुंधाशु शर्मा, कोमल सोनी रहे। वही मंच का संचालन प्रवक्ता मीनाक्षी शर्मा व शीतल शर्मा ने किया। इस अवसर पर समाजसेवी डा. लक्ष्मण गौड़ भी विशेष तौर पर मौजूद रहे।
इस दो दिवसीय कला एवं सांस्कृतिक महाकुंभ में जिले के सभी 7 ब्लॉकों के सरकारी स्कूलों से आए 532 बच्चों ने 54 टीमों में पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। उत्सव के दूसरे और अंतिम दिन 9वीं से 12वीं कक्षा तक के छात्र-छात्राओं ने अपनी कलात्मक प्रतिभा, ऊर्जा और हुनर का शानदार प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने समूह लोक नृत्य, एकल लोक नृत्य, पारंपरिक रागिनी और सामाजिक संदेश देने वाली स्किट जैसी चार प्रमुख विधाओं में अपनी अद्भुत प्रस्तुतियां दीं। पारंपरिक हरियाणवी व क्षेत्रीय परिधानों में सजे-धजे बच्चों ने देशभक्ति, लोक कला और संस्कृति से ओतप्रोत प्रस्तुतियों से पूरा सभागार तालियों की गडग़ड़ाहट से गुंजायमान कर दिया।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित रंगोली और विभिन्न कलाकृतियों की प्रदर्शनी भी मुख्य आकर्षण का केंद्र रही, जिसकी अतिथियों और दर्शकों ने भूरि-भूरि प्रशंसा की। इस प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विजेता अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे, जहां से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का चयन राष्ट्रीय स्तर के लिए किया जाएगा। समारोह के अंत में सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को उनकी लगन और प्रतिभा के सम्मान स्वरूप प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस मौके पर हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन शंकर लाल धूपड़ ने कहा कि हमारे विद्यार्थियों के भीतर अपार प्रतिभा और क्षमता छिपी हुई है। इस प्रकार के जिला स्तरीय आयोजन न केवल बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं, बल्कि उन्हें अपनी समृद्ध संस्कृति और परंपराओं से जोड़े रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल पुस्तकीय ज्ञान देना नहीं, बल्कि बच्चे के व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास करना है, और यह मंच उसी दिशा में एक सार्थक प्रयास है।
इस अवसर पर कार्यक्रम के जिला संयोजक संजय सैनी ने कहा कि शिक्षा विभाग का यह निरंतर प्रयास है कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ कला, साहित्य और संस्कृति के मंच पर भी अपनी प्रतिभा निखारने का पूरा अवसर मिले। 7 ब्लॉकों से आए इन 532 बच्चों ने जिस ऊर्जा और अनुशासन के साथ अपनी कला का प्रदर्शन किया है, वह बेहद सराहनीय है। इस मंच पर भाग लेने वाला हर एक विद्यार्थी बधाई का पात्र है, क्योंकि प्रतिस्पर्धा से बढक़र इसमें भाग लेना और सीखना सबसे महत्वपूर्ण होता है। प्रतियोगिता के परिणामों की जानकारी देते हुए सैनी ने बताया कि स्किट में राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बापोड़ा प्रथम, राजकीय कन्या उच्च विद्यालय हेतमपुरा द्वितीय, एसआर लैब स्कूल तृतीय स्थान पर रही। वही सांत्वना पुरस्कार राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय देवसर को मिला। उन्होंने बताया कि रागनी में राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भिवानी प्रथम, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बड़वा द्वितीय, पीएम श्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भिवानी तृतीय स्थान पर रही। वही सांत्वना पुरस्कार पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ढिग़ावा को मिला।