HIV-AIDS Review Meeting Bhiwani: स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन ने एचआईवी पीड़ितों के समय पर उपचार पर दिया जोर, दिए निर्देश
भिवानी में एडीसी दीपक बाबूलाल करवा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय एचआईवी-एड्स टास्क फोर्स की समीक्षा बैठक आयोजित हुई, जिसमें समय पर उपचार और जागरूकता पर जोर दिया गया।
एचआईवी-एड्स के मरीजों की पहचान कर उनकी उपचार में मदद करें: एडीसी
एडीसी दीपक बाबूलाल करवा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय एचआईवी-एड्स टास्क फोर्स की समीक्षा बैठक हुई आयोजित
भिवानी, 15 अक्टूबर। लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए सभागार में एडीसी दीपक बाबूलाल करवा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय एचआईवी-एड्स टास्क फोर्स की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। एडीसी ने चिकित्सकों को निर्देश दिए कि वे जागरूकता एवं जांच अभियान चलाकर एचआईवी-एड्स के मरीजों की पहचान कर उनको समय पर उपचार उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि एड्स से ग्रस्त लोगों को समाज में घृणा की दृष्टि से न देखा जाए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि एचआईवी पॉजीटिव से प्रभावित गर्भवती महिलाओं के बच्चों को संक्रमण से बचाने के लिए समय पर जरूरी उपचार और चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध करवाएं।

बैठक में एडीसी ने पुलिस विभाग को निर्देश दिए गए कि केवल असुरक्षित यौन संबंध से ही एड्स से ग्रस्त नहीं होते, बल्कि नशीले पदार्थों का सेवन करने के लिए सुई का कई जगह इस्तेमाल भी एक कारण है। ऐसे में नशीले पदार्थ का अत्यधिक सेवन करने वाले क्षेत्रों की पहचान करें और वहां लोगों में जागरूकता लाई जाए। इसके अलावा शिक्षण संस्थाओं में जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएं।
उन्होंने निर्देश दिए कि एड्स से ग्रस्त लोगों को विभिन्न विभागों के तहत मिलने वाली किसी भी प्रकार की सरकारी मदद समय पर मिलनी चाहिए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ पंचायत विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग, पुलिस और उद्योग विभाग को निर्देश दिए कि एड्स से बचाव को लेकर जागरूकता अभियान चलाएं।
इस अवसर पर जिला सिविल सर्जन डॉ. रघुवीर शांडिल्य, सीएमजीजीए सांभवी, उप जिला शिक्षा अधिकारी राजबाला, संबंधित स्वास्थ्य अधिकारियों सहित महिला एवं बाल विकास, पुलिस, पंचायत तथा अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।