महिलाओं को सही पोषण व उनकी योजनाओं के बारे में जागरूक किया जाए: एडीसी
- समीक्षा बैठक में एडीसी दीपक बाबू लाल करवा ने दिए महिला एवं बाल विकास और अन्य संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए
भिवानी, 8 जुलाई। एडीसी दीपक बाबू लाल करवा की अध्यक्षता में लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए सभागार में महिला एवं बाल विकास विभाग के तत्वावधान में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना व प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक आयोजित हुई। बैठक में एडीसी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे महिलाओं व बच्चों के लिए सरकार द्वारा क्रियान्वित योजनाओं का लाभ समय पर दिलाना सुनिश्चित करें। महिलाओं को उनसे संबंधित योजनाओं के बारे में जागरूक किया जाए। इस दौरान सीएमजीजीए रिषव रंजन भी मौजूद रहे और उन्होंने विभागीय गतिविधियों की जानकारी दी।
इस दौरान बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत आंगनवाड़ी केंद्रों में किए गए जागरूकता कार्य, बेटी जन्मोत्सव, सेल्फी विद डॉटर, एक पेड़ बेटी के नाम आदि गतिविधिवियों की समीक्षा की गई। इसके अलावा कन्या भ्रूण को जड़मूल से समाप्त करने को लेकर गर्भवती महिलाओं का पंजीकरण व बच्चा पैदा होने तक निगरानी करना, लिंगानुपात में सुधार को लेकर किए गए कार्यों की समीक्षा की गई।
इसी प्रकार से प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत पोषण टै्रकर पोर्टल से आने वाले लाभार्थियों के डाटा को वेरीफाई करते हुए लाभार्थियों को लाभ दिलाना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत परियोजना अधिकारी के आईडी पर प्राप्त होने वाली शिकायतों को 14 दिन से पहले निपटाना, महिलाओं को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत रजिस्टर करवाने व महिलाओं को इस योजना के बारे में जागरूक करने बारे में विस्तार से समीक्षा की गई। एडीसी ने निर्देश दिए कि महिलाओं को सही पोषण के बारे मं जागरूक किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में बिजली, शौचालय और पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी मंजू राणा विभागीय प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा चलाए जा रहे जागरूकता अभियानों की विस्तार से जानकारी दी।
बॉक्स
एनीमिया में सुधार के लिए गंभीरता से कार्य करें
समीक्षा बैठक में एडीसी ने निर्देश दिए कि एनीमिया में सुधार के लिए विभाग गंभीरता से कार्य करें। गर्भवती महिलाओं और नवजात बच्चों को सही पोषण मिलना चाहिए। उन्होंने का महिलाओं के साथ-साथ नवजात बच्चों का स्वास्थ्य सही होना जरूरी है। बैठक में इस दौरान डीईओ निर्मल दहिया, सीडीपीओ ऊषा और किरण, स्वास्थ्य विभाग से डॉ.आशीष, सभी सुपरवाईजर, जनस्वास्थ्य विभाग व बिजली निगम से अधिकारी मौजूद रहे।
*****ञ
नया सफर योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर निजी बस संचालकों की बैठक आयोजित
- पुराने प्रदूषणकारी वाहनों के स्थान पर बीएस-6, सीएनजी व इलेक्ट्रिक बसें अपनाने का आह्वान
भिवानी, 8 जुलाई। स्थानीय लघु सचिवालय स्थित एसडीएम महेश कुमार की अध्यक्षता में उनके कार्यालय में नया सफर योजना के संबंध में निजी बस संचालकों की बैठक आयोजित की गई। एसडीएम ने बस संचालकों से सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना का लाभ उठाते हुए पुराने एवं अधिक प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों के स्थान पर आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल वाहनों को अपनाने का आह्वान किया।
बैठक को संबोधित करते हुए एसडीएम महेश कुमार ने कहा कि योजना का उद्देश्य राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में वायु प्रदूषण को कम करना तथा परिवहन व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, आधुनिक और पर्यावरण-अनुकूल बनाना है। उन्होंने बताया कि बीएस-4 अथवा उससे पुराने मानकों वाले ट्रकों एवं बसों को चरणबद्ध तरीके से हटाकर बीएस-6, सीएनजी एवं इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा दिया जाएगा, जिससे कार्बन डाइऑक्साइड, पीएम-2.5, पीएम-10, नाइट्रोजन ऑक्साइड तथा कार्बन मोनोऑक्साइड जैसे प्रदूषकों के उत्सर्जन में उल्लेखनीय कमी आएगी।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत पुराने वाहनों की वैज्ञानिक एवं पर्यावरण-अनुकूल स्क्रैपिंग के लिए अधिकृत रजिस्टर्ड व्हीकल स्क्रैपिंग फैसिलिटी के माध्यम से जमा प्रमाणपत्र जारी किया जाएगा। नए बीएस-6, सीएनजी अथवा इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने पर मोटर वाहन कर एवं पंजीकरण शुल्क में 100 प्रतिशत छूट, 5 प्रतिशत ब्याज सब्सिडी, वाहन निर्माता द्वारा 8 प्रतिशत तक की छूट तथा ईंधन वाउचर अथवा उसके समतुल्य एकमुश्त लाभ उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं सेकेंड-हैंड बीएस-6 वाहनों की खरीद पर भी मोटर वाहन कर में 50 प्रतिशत छूट, ब्याज सब्सिडी एवं अन्य निर्धारित प्रोत्साहन दिए जाएंगे।
एसडीएम महेश कुमार ने निजी बस संचालकों को निर्देश दिए कि वे योजना के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए पात्र पुराने वाहनों को अधिकृत स्क्रैपिंग केंद्रों पर जमा करवाएं तथा समयबद्ध रूप से आधुनिक एवं स्वच्छ प्रौद्योगिकी वाले वाहनों को अपनाएं। उन्होंने कहा कि यह योजना पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ परिवहन व्यवसाय को भी अधिक सुरक्षित, किफायती और भविष्य उन्मुख बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। बैठक में निजी बस संचालकों ने योजना के सफल क्रियान्वयन में प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। इस दौरान बैठक प्राइवेट बस एसोसिएशन के प्रधान दिनेश कुमार, प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के प्रधान रामोतार शर्मा, अमित डागर व जोगपाल सिंह मौजूद रहे।

