Prize Distribution News: युवा ही देश का भविष्य निर्माता हैं: जिला युवा महोत्सव के समापन पर विधायक घनश्याम सर्राफ ने विजेताओं को किया सम्मानित
युवा ही देश का भविष्य निर्माता हैं: घनश्याम सर्राफ
जिला युवा महोत्सव के दूसरे दिन युवाओं ने दिखाई प्रतिभा
युवा महोत्सव में बतौर मुख्य अतिथि विधायक घनश्याम सर्राफ ने की शिरकत
भिवानी, 20 नवंबर। कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग के तत्वावधान में आयोजित जिला युवा महोत्सव-2026 के दूसरे व अंतिम दिन राजीव गांधी राजकीय महिला महाविद्यालय एवं राजकीय आईटीआई में पुरस्कार वितरण समारोह सांस्कृतिक कार्यक्रमों उत्साह-उमंग के साथ आयोजित हुआ। कार्यक्रम में विधायक घनश्याम सर्राफ ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस अवसर पर नगराधीश अनिल कुमार, नायब तहसीलदार गौरव राजोरा बतौर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विधायक श्री सर्राफ ने विजेता युवा कलाकारों को नकद पुरस्कार प्रथम को 4100, द्वितीय को 3100 व 2100 रूपए की राशि के साथ-साथ प्रमाण-पत्र एवं ट्रॉफी भेंट कर सम्मानित किया।

श्री सर्राफ ने अपने संबोधन में कहा कि युवा देश के भविष्य निर्माता हैं। युवाओं को शिक्षा, कौशल विकास, सामाजिक जिम्मेदारी एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर अपनी ऊर्जा का उपयोग सकारात्मक गतिविधियों एवं देश के विकास में करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेना चाहिए। खेल और सांस्कृतिक कार्यक्रम जीवन का सर्वांगीण विकास करते हैं।
नगराधीश अनिल कुमार ने युवाओं को अपनी प्रतिभा पहचानने, आत्मविश्वास के साथ आगे बढऩे तथा सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में बढ़-चढक़र भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ उनमें नेतृत्व क्षमता, अनुशासन एवं रचनात्मक सोच विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उप प्रधानाचार्य, राजकीय आईटीआई ने पंकज सोनी ने कहा कि युवा महोत्सव जैसे आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने तथा समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने युवाओं को नशामुक्ति, कौशल विकास एवं विकसित भारत के संकल्प के साथ आगे बढऩे के लिए प्रेरित किया।
जिला उच्च शिक्षा अधिकारी डॉ त्रिलोक चंद ने भी उत्सव को संबोधित किया। प्रधानाचार्य एवं जिला युवा समन्वय अधिकारी जयदीप कादियान ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जिला युवा महोत्सव का मुख्य उद्देश्य युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने, आत्मविश्वास बढ़ाने तथा विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने बताया कि महोत्सव के दूसरे दिन लोक समूह नृत्य, लोक समूह गायन, नुक्कड़ नाटक, लोक समूह वाद्य यंत्र, पेंटिंग एवं कविता लेखन सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इस दौरान आइटीआई प्रधानाचार्य अरुण शर्मा, विजय, रामनिवास आदि मौजूद रहे।