ITI College Cultural Programs Updates: लोक गीत, समूह नृत्य व वाद्य यंत्रों की शानदार प्रस्तुति, 'नशा मुक्त युवा- विकसित भारत' है थीम
युवा महोत्सव अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का कारगर मंच: मोहित चौधरी
हिंदुस्तान की सबसे बड़ी ताकत युवा हैं: मोहित चौधरी
आईटीआई में वीरवार से शुुरु हुआ दो दिवसीय युवा महोत्सव
शुक्रवार को पारितोषिक वितरण समारोह में विधायक घनश्याम सर्राफ होंगे मुख्य अतिथि
भिवानी, 19 नवंबर। स्थानीय राजीव गांधी राजकीय महिला महाविद्यालय व आईटीआई परिसर में आयोजित जिला युवा महोत्सव-2026 के वीरवार को प्रथम दिन युवा कलाकारों ने खूब धमाल मचाया। हरियाणा लोक गीतों व समूह नृत्य में कलाकारों ने जमकर तालियां बटौरी। वहीं दूसरी ओर वाद्य यंत्रों पर निकाले तरानों ने महोत्सव में मौजूद दर्शकों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। सांसद चौ. धर्मबीर सिंह के सुपुत्र एवं धर्म सेवा के युवा विंग के राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहित चौधरी ने सांसद के प्रतिनिधि के तौर पर मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। महोत्सव के प्रथम दिन छह अलग-अलग विधाओं में जिले के कुल 263 प्रतिभागियों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता एवं सांस्कृतिक कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।
महोत्सव में अपना संदेश देते हुए मोहित चौधरी ने कहा कि हिंदुस्तान की सबसे बड़ी ताकत युवा हैं। जिला भिवानी में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा एवं सकारात्मक सोच से ही राष्ट्र का विकास संभव है। उन्होंने युवाओं को नशे के साथ-साथ मोबाइल फोन की बढ़ती लत से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री हासिल करना नहीं, बल्कि उसके ज्ञान को जीवन में अपनाना भी है। युवाओं को अपने प्रति ईमानदार रहकर जीवन में लक्ष्य निर्धारित करने चाहिए और उन्हें हासिल करने के लिए पूरी मेहनत करनी चाहिए। युवाओं और शिक्षकों के सामूहिक प्रयासों से ही देश प्रगति के पथ पर आगे बढ़ेगा। आज की युवा पीढ़ी को जेनजी कहा जाता है और इस पीढ़ी में देश को आगे ले जाने की अपार क्षमता है।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण अंचल से युवा कलाकार व खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पटल पर अपना नाम रोशन कर रहे हैं। हरियाणा प्रदेश की संस्कृति सबसे समृद्ध है। युवाओं को सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेना चाहिए। ऐसे आयोजन प्रतिभा को निखारने का एक मंच होते हैं। एक कलाकार के रूप में भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई जा सकती है। खेल और सांस्कृतिक कार्यक्रम जीवन का सर्वांगीण विकास करते हैं। ऐसे में पढ़ाई के साथ-साथ खेल और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेना जरूरी है। उन्होंने युवाओं को किसी भी प्रकार की सामाजिक बुराई व नशे से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा ड्रग्स आदि नशे से दूर रहें। नशा जीवन का बर्बाद कर देता है।
विशिष्ट अतिथि के रूप में उच्चतर जिला शिक्षा अधिकारी त्रिलोकचंद ने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रहना चाहिए। विद्यार्थियों को अनुशासन में रहना चाहिए, जिससे परिवार, समाज व राष्ट्र मजबूत होगा।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षुता व प्लेसमेंट अधिकारी पंकज सोनी ने जिला युवा महोत्सव के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि महोत्सव की मुख्य थीम नशा मुक्त युवा- विकसित भारत, रखी गई है। महोत्सव में समूह लोक नृत्य, लोक गीत, चित्रकला, नुक्कड़ नाटक, कविता पाठ तथा समूह लोक वाद्य यंत्र वादन सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं शामिल हैं।

पारितोषिक वितरण समारोह में 20 नवंबर को विधायक घनश्याम सर्राफ होंगे मुख्य अतिथि
आईटीआई प्राचार्य जयदीप कादयान ने बताया कि युवा महोत्सव का पारितोषिक वितरण समारोह में 20 नवंबर को आयोजित किया जाएगा, जिसमें भिवानी के विधायक घनश्याम सर्राफ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। एसडीएम महेश कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 4100 रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को 3100 रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 1100 रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी।
कार्यक्रम में रेडक्रॉस सोसायटी सचिव प्रदीप हुडा, जिला युवा अधिकारी मनसा, महिला आईटीआई प्रधानाचार्य अरुण शर्मा, साहिल सहरावत, पवन बिशनोई, जीवन जिंदल, ब्लॉक यूथ कोऑर्डिनेटिंग ऑफिसर विरेन्द्र, रामनिवास सोनी सहित अन्य स्टाफ सदस्य और विद्यार्थी मौजूद रहे।