भिवानी में दिव्य गीता सत्संग की तैयारियां तेज : निमंत्रण अभियान का हुआ शंखनाद
 

त्रदिवसीय दिव्य गीता सत्संग को लेकर जोगी वाला मंदिर के महंत वेदनाथ महाराज को दिया आमंत्रण
तनाव व चिंता मुक्त जीवन का मूल मंत्र बनेगा त्रिदिवसीय दिव्य गीता सत्संग : डॉ. विनोद अंचल
गौसेवा, संस्कार और सुसंस्कृत युवा पीढ़ी का निर्माण ही हमारा मुख्य ध्येय : ओ.पी. नंदवानी
 
आध्यात्मिक कार्यक्रम भिवानी

भिवानी, 08 जुलाई : छोटी काशी के नाम से विख्यात भिवानी नगरी में 14 से 16 जुलाई तक आयोजित होने वाले त्रिदिवसीय दिव्य गीता सत्संग को लेकर धर्मप्रेमियों में भारी उत्साह है। गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानन्द महाराज के सानिध्य में आयोजित होने वाले इस दिव्य समागम के लिए भव्य स्तर पर निमंत्रण अभियान का दौर शुरू हो चुका है। इसी कड़ी में आयोजन समिति के एक विशेष शिष्टमंडल ने जोगी वाला मंदिर के महंत वेदनाथ महाराज से शिष्टाचार भेंट की और उन्हें इस पावन सत्संग में पधारने का भावभीना निमंत्रण पत्र सौंपा, जिसे महाराज ने सहर्ष स्वीकार किया।
      निमंत्रण अभियान की शुरुआत करते हुए सत्संग आयोजन समिति के चेयरमैन डा. विनोद अंचल ने कहा कि आज के इस आधुनिक युग में मनुष्य अत्यधिक मानसिक तनाव, दबाव और अनवरत चिंताओं से घिरा हुआ है। भौतिक सुख-साधनों के बीच वह आंतरिक शांति खो चुका है। 14 से 16 जुलाई को सूर्या बैंक्वेट हॉल में आयोजित होने वाला दिव्य गीता सत्संग जन-जन के लिए तनाव दबाव एवं चिंता मुक्त जीवन का मूल मंत्र सिद्ध होगा। गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानन्द जी महाराज की अमृतमयी वाणी के श्रवण से भिवानी वासियों को न केवल आध्यात्मिक शांति मिलेगी, बल्कि जीवन जीने की एक नई सकारात्मक दिशा भी प्राप्त होगी। हमारा प्रयास है कि भिवानी के प्रत्येक घर तक इस दिव्य सत्संग का संदेश पहुंचे।
     श्री कृष्ण कृपा जीओ गीता परिवार के संरक्षक ओ.पी. नंदवानी ने कहा कि श्रीकृष्ण कृपा जीओ गीता परिवार केवल एक आयोजन समिति नहीं, बल्कि सनातन संस्कारों को धरातल पर उतारने वाला एक जीवंत आंदोलन है। गौसेवा और गीता पाठ, नित्य नियम से मंत्र जाप करते रहो जब तक है श्वास, इसी मूल मंत्र के साथ हमारा परिवार भारतीय गौवंश संरक्षण, गौ हत्या बंदी के प्रति जन-जागरूकता, और युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर कर सन्मार्ग पर प्रेरित करने के लिए सतत समर्पित है। 
     गौरतलब होगा कि 14 से 16 जुलाई 2026 तक प्रतिदिन सांय 6:30 बजे से रात्रि 9 बजे तक सूर्या बैंक्वेट हॉल में इस भव्य सत्संग का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद धर्मबीर सिंह, पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार व समाजसेवी बृृजलाल सर्राफ दीप प्रज्ज्वलन कर करेंगे। वही इस दौरान आरएसएस विभाग संघसंचालक सतनारायण मित्तल, नगर परिषद चेयरपर्सन प्रतिनिधि भवानी प्रताप, पूर्व आईजी जेल हरियाणा दयानंद बेनिवाल भी मुख्य तौर पर मौजूद रहेंगे। वही 15 जुलाई को हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड चेयरमैन शंकर लाल धूपड़, सीबीएलयू कुलगुरू प्रो. दीप्तिा धर्माणी, एडीसी दीपक बाबूलाल करवा, पूर्व वीसी गुरूग्राम यूनिवर्सिटी मारकंडे आहुजा शिरकत करेंगे। उनके साथ भाजपा जिला अध्यक्ष विरेंद्र कौशिक, जिला जेल अधीक्षक दिनेश कुमार यादव, शिक्षा बोर्ड पूर्व अध्यक्ष वीपी यादव, समाजसेवी शिवरत्न गुप्ता भी विशेष तौर पर मौजूद रहेंगे। इसके अलावा 16 जुलाई को विधायक घनश्याम सर्राफ, पूर्व मंत्री जेपी दलाल, हांसी विधायक विनोद भ्याणा, गौसेवा आयोग अध्यक्ष श्रवण कुमार गर्ग, विधायक पुंडरी सतपाल जांबा, भाजपा जिला प्रभारी रोहतक विजय पाल शिरकत करेंगे। उनके साथ पूर्व वाईस चांसलर एसके गक्खड़, व्यापार आयोग हरियाणा चेयरमैन राजेश ठकराल भी विशेष तौर पर पहुंचेंगे। इसके अलावा अनेक समाजसेवी व प्रबुद्धजन भी कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। आयोजन समिति ने सभी भिवानी वासियों से अपील की है कि वे समय पर पहुंचकर स्वामी जी के दिव्य विचारों का लाभ उठाएं और अपने जीवन को मंगलमय बनाएं। इस अवसर पर विशंबर अरोड़ा, श्री कृष्ण कृपा जीओ गीता परिवार के संरक्षक चंद्रप्रकाश, महासचिव विनोद छाबड़ा, प्रधान नरेश आहुजा, खुशहाल ग्रोवर भी साथ रहे।