देश में दो झंडे और दो संविधान नहीं चलेंगे, इसके लिए डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने संघर्ष किया: सांसद धर्मवीर सिंह
 

माय युवा भारत केंद्र भिवानी में मनाया गया डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जन्मोत्सव
 कार्यक्रम में युवाओं से उनके विचारों को अपनाने का आह्वान, राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का दिया संदेश
 
राष्ट्र निर्माण

भिवानी, 6 जुलाई।
मेरा युवा भारत (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) की ओर से यूथ हॉस्टल भिवानी में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 126वीं जयंती पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महेंद्रगढ़-भिवानी लोकसभा सांसद चौधरी धर्मवीर सिंह रहे, जबकि अध्यक्षता भाजपा के वरिष्ठ नेता ठाकुर विक्रम सिंह ने की। इस अवसर पर प्रो. चंद्रभान, शिक्षाविद नवीन कुमार, पूर्व मंत्री रामविलास शर्मा के मीडिया सलाहकार रितिक वधवा, राज्य पुरस्कार विजेता समाजसेवी दीपा तंवर, राष्ट्रीय युवा पुरस्कार विजेता अशोक कुमार भारद्वाज, सामाजिक कार्यकर्ता प्रवीण गोलागढ़ सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। सांसद धर्मवीर सिंह ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने देश की एकता और अखंडता के लिए ऐतिहासिक संघर्ष किया। उनका स्पष्ट संदेश था कि "देश में दो झंडे और दो संविधान नहीं चलेंगे।" उन्होंने कहा कि मुखर्जी ने यह भी कहा था कि बंगाल को विभाजित नहीं होने देंगे और राष्ट्रहित को हमेशा सर्वोपरि रखा।
सांसद ने कहा कि देश आजाद होने के बाद भी कुछ क्षेत्रों की जमीन से जुड़े कई विवाद बने रहे। अंग्रेज जाते-जाते भी सत्ता हस्तांतरण के दौरान ऐसी कूटनीति अपनाकर गए, जिसके प्रभाव आज भी देखने को मिलते हैं। उन्होंने हरियाणा के अलखपुरा, मिलकपुर और सिकंदरपुर गांवों की जमीन से जुड़े मामलों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन समस्याओं के समाधान के प्रयास जारी हैं। उन्होंने कहा कि देश दोबारा कभी कमजोर न हो, इसलिए ऐसे प्रेरणादायी आयोजन आवश्यक हैं।
ठाकुर विक्रम सिंह ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का त्याग और बलिदान देश कभी नहीं भूल सकता। युवाओं को उनके राष्ट्रवादी विचारों और जीवन मूल्यों से प्रेरणा लेकर देश सेवा के लिए आगे आना चाहिए।
कार्यक्रम के प्रारंभ में जिला युवा अधिकारी मनसा ने मेरा युवा भारत की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। कहा कि माय युवा भारत केंद्र भिवानी द्वारा युवाओं को समाज और राष्ट्र कड़ी से जोड़ा जाए, उस के लिए इस प्रकार के यूथ प्रेरित कार्यक्रम जरूरी हैं।  इस अवसर पर लेखाकार एवं कार्यक्रम सहायक जितेंद्र सैनी, अशोक कुमार भारद्वाज, प्रवीण गोलागढ़, सचिन, स्वराज, नरेश, साक्षी, सन्नी, प्रमोद सहित बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।