डॉ. विद्या सागर चैरिटेबल अस्पताल में नई लिफ्ट सुविधा का उद्घाटन, मरीजों को मिलेगी बड़ी राहत
 

अब मरीजों, दिव्यांगों और बुजुर्गों को सीढिय़ों के कष्ट से मिलेगी मुक्ति : विनोद मिर्ग 
 
 
बुजुर्ग मरीजों के लिए लिफ्ट सुविधा

भिवानी, 27 जून : स्थानीय कृष्णा कॉलोनी स्थित डा. विद्या सागर चैरिटेबल अस्पताल में आने वाले मरीजों और बुजुर्गों की सुविधा के लिए एक बेहद सराहनीय और सकारात्मक पहल की गई है। जामपुर सेवा समिति द्वारा संचालित इस अस्पताल परिसर में शनिवार को एक अत्याधुनिक लिफ्ट जनता को समर्पित की गई। इस लिफ्ट का निर्माण प्रसिद्ध उद्योगपति व समाजसेवी नंदलाल बजाज एवं उनके परिवार द्वारा अपनी माता वासदेवी व पिता गंगाराम बजाज की स्मृति में करवाया गया। शनिवार को आयोजित एक समारोह के दौरान स्वयं उद्योगपति व समाजसेवी नंदलाल बजाज ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और रिबन काटकर विधिवत रूप से इस लिफ्ट का उद्घाटन किया। इस आधुनिक सुविधा के शुरू होने से अब अस्पताल में आने वाले गंभीर मरीजों, दिव्यांगों और बुजुर्गों को ऊपरी मंजिलों पर जाने के लिए सीढिय़ों के कष्ट से मुक्ति मिलेगी। इस मौके पर जामपुर सेवा समिति के महासचिव विनोद मिर्ग ने समिति की ओर से बजाज परिवार का आभार जताया तथा कहा कि डा. विद्या सागर चैरिटेबल अस्पताल हमेशा से ही आमजन को किफायती और विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए प्रतिबद्ध रहा है। अस्पताल में रोजाना सैकड़ों की संख्या में मरीज आते हैं, जिनमें से कई बुजुर्ग और गंभीर रूप से बीमार होते हैं। उनके लिए ऊपरी मंजिल पर जाना काफी कष्टदायी होता था। बजाज परिवार ने इस लिफ्ट को अस्पताल को सौंपकर न केवल अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभाई है, बल्कि मानवता की सेवा की एक अनूठी मिसाल भी पेश की है। समाजसेवियों के सहयोग से ही इस तरह की चैरिटेबल संस्थाएं सुचारू रूप से चल पाती हैं। मिर्ग ने बताया कि लिफ्ट की सुविधा शुरू होने के बाद अब अस्पताल प्रबंधन को स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार में और अधिक मदद मिलेगी। अस्पताल प्रशासन ने लिफ्ट के पास विशेष सहायकों की तैनाती का निर्णय लिया है जो बुजुर्ग और अक्षम मरीजों को लिफ्ट के जरिए उनकी मंजिल तक पहुंचाने में मदद करेंगे। इस मौके पर जामपुर सेवा समिति के सभी सदस्य मौजूद रहे, जिन्होंने नंदलाल बजाज व उनके परिवार द्वारा किए गए इस परोपकारी कार्य की प्रशंसा की।