Rakshabandhan Tree Protection Campaign: भिवानी में अनोखी पहल, पौधों को राखी बांधकर लिया गया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प

भिवानी पर्यावरण शुद्धिकरण समिति की वृक्षावंदन मुहिम के तहत रक्षाबंधन पर पेड़ों को राखियां बांधी गईं और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया गया।
 
KK Verma Bhiwani

भिवानी पर्यावरण शुद्धिकरण समिति प्रकृति संरक्षण का अनूठा संकल्प

रक्षाबंधन पर पेड़ों को बांधी गईं राखियां, भिवानी से उठी मुहिम बनी जन-आंदोलन

प्रकृति हमें जीवन देती है, इसलिए उसकी रक्षा करना भी हमारा परम दायित्व : केके वर्मा

भिवानी, 29 अगस्त : भाई-बहन के अटूट प्रेम और विश्वास का पर्व रक्षाबंधन इस बार केवल रिश्तों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसने प्रकृति के साथ आत्मीय नाता जोड़ते हुए पर्यावरण संरक्षण का एक नया अध्याय लिखा। भिवानी पर्यावरण शुद्धिकरण समिति द्वारा शुरू की गई वृक्षावंदन मुहिम को समाज के हर वर्ग का व्यापक जन-समर्थन मिल रहा है। आम नागरिकों से लेकर विभिन्न सामाजिक संस्थाएं न केवल पूर्व में लगाए गए पौधों को राखी बांधकर उनके संरक्षण का संकल्प ले रही हैं, बल्कि नए पौधे रोपकर हरियाली का दायरा भी बढ़ा रही हैं। मुहिम के तहत बाल सेवा आश्रम में मुख्य रक्षाबंधन समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान बच्चों और पर्यावरण प्रेमियों ने पहले से रोपित पौधों पर स्नेह की डोर बांधी और नए पौधे लगाकर उनकी देखभाल की शपथ ली।

समिति के संयोजक के. के. वर्मा ने कहा कि प्रकृति हमें जीवन देती है, इसलिए उसकी रक्षा करना भी हमारा परम दायित्व है। रक्षाबंधन पर पेड़ों को राखी बांधने का उद्देश्य केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि पर्यावरण के साथ एक जीवंत भावनात्मक रिश्ता जोडऩा है। जिस तरह लोग अपने रोपे गए पौधों के साथ राखी बांधते हुए तस्वीरें साझा कर रहे हैं, उससे स्पष्ट है कि यह पहल अब एक व्यापक जन-अभियान का रूप ले चुकी है। भिवानी के अलावा आसपास के अन्य जिलों में भी लोग इस विचार को अपना रहे हैं।

 बाल सेवा आश्रम के प्रधान वेद प्रिय आर्य ने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि बच्चों में बचपन से ही प्रकृति के प्रति आदर और जिम्मेदारी की भावना जागृत करना आवश्यक है। पेड़ों को राखी बांधकर हम आने वाली पीढिय़ों को यह संदेश दे रहे हैं कि हरियाली की रक्षा ही हमारे सुरक्षित भविष्य की सबसे बड़ी गारंटी है।

इस अभियान में गांव बडेसरा सुरेंद्र बडेसरा के तत्वाधान में मेरा गांव सबसे सुंदर टीम, स्टैंड विद नेचर के लोकेश, योगेश, दिनेश और विद्या देवी ने बढ़-चढकऱ भाग लिया। वहीं पर्यावरण प्रेमी बृजेश जावला, नवदुर्गा सहयोग संस्था के संस्थापक सुरेश सैनी, एडवोकेट सुरेंद्र जैन की टीम तथा शांति नगर में नाथूराम गोसेवक की संस्था के सदस्यों ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी की। इसके साथ ही विजय सिंहमार, कर्मवीर, जय कुमार रोहिल्ला, आर.के. चावला, आत्म प्रकाश टुटेजा, पंजाबी जागृति मंच के प्रधान दर्शन मिड्ढा व उनकी टीम, पतंजलि समिति के प्रभारी डॉ. मदन मानव, शशी परमार, सतवीर शर्मा, तथा योग समिति के कैप्टन हरपाल सिंह, रेनू, कविता, श्री कृष्ण कृपा परिवार की नरेश आहूजा, विनोद छाबड़ा , मास्टर वेद प्रकाश सहित अनेक प्रबुद्ध नागरिकों ने पौधों को रक्षासूत्र बांधकर समाज में पर्यावरण चेतना की अलख जगाई।