विश्व पर्यावरण दिवस पर महात्मा ज्योतिबा फूले धर्मार्थ ट्रस्ट ने शुरू किया तीन दिवसीय अभियान
तीन दिवसीय अभियान का आगाज हुआ पौधारोपण, बच्चों के हाथों रोपित करवाएं 5 पौधें
केवल उतने ही पौधे लगाएंगे, जितने पेड़ बना सकें : रमेश सैनी
केवल उतने ही पौधे लगाएंगे, जितने पेड़ बना सकें : रमेश सैनी
Jun 4, 2026, 16:27 IST
भिवानी, 04 जून : विश्व पर्यावरण दिवस की पूर्व संध्या पर वीरवार को महात्मा ज्योतिबा फूले धर्मार्थ ट्रस्ट ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक बेहद सराहनीय और अनूठी पहल की है। ट्रस्ट की ओर से तीन दिवसीय विशेष पर्यावरण संरक्षण अभियान का शंखनाद किया गया। यह जानकारी देते हुए ट्रस्ट के महासचिव विजय सिंहमार पर्यावरण प्रहरी एवं उपप्रधान रिंकू ख्यालीराम ने बताया कि इस अभियान की सबसे खास बात यह है कि इसका उद्देश्य केवल औपचारिकता के लिए पौधे लगाना नहीं, बल्कि उन्हें जीवन देना और पेड़ बनाना है। तीन दिवसीय अभियान के पहले दिन वीरवार को स्थानीय घोसियान चौक स्थित केआर पब्लिक स्कूल में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें छुट्टियां होने के बावजूद भी बच्चों को विशेष तौर पर आमंत्रित किया गया था तथा ट्रस्ट के अध्यक्ष रमेश सैनी के नेतृत्व में स्कूल परिसर में 5 औषधीय व छायादार पौधे रोपे गए। इस कार्यक्रम की सबसे खूबसूरत और सकारात्मक बात यह रही कि ये पौधे खुद स्कूली बच्चों ने अपने हाथों से मिट्टी में रोपे। पौधे लगाने के साथ ही बच्चों ने न केवल पर्यावरण को बचाने का संदेश दिया, बल्कि एक जिम्मेदार नागरिक की तरह उन पौधों को रोजाना पानी देने और उनकी पूरी देखभाल करने का अटूट संकल्प भी लिया। इस मौके पर महात्मा ज्योतिबा फूले धर्मार्थ ट्रस्ट के अध्यक्ष रमेश सैनी ने स्पष्ट किया कि दिखावे की हरियाली से पर्यावरण नहीं सुधर सकता, इसके लिए धरातल पर जिम्मेदारी उठानी होगी। सैनी ने कहा कि अक्सर देखा जाता है कि पर्यावरण दिवस के नाम पर सैकड़ों पौधे लगा तो दिए जाते हैं, लेकिन बाद में देखभाल के अभाव में वे सूख जाते हैं। इस तीन दिवसीय अभियान के तहत हम सिर्फ उतने ही पौधे रोपित करेंगे, जिनकी पूरी जिम्मेदारी संभाली जा सके। हमारा मुख्य लक्ष्य केवल पौधा लगाना नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि रोपित किया गया हर एक पौधा सुरक्षित रहकर भविष्य में एक विशाल पेड़ बने। उन्होंने कहा कि यह अभियान अगले दो दिनों तक क्षेत्र के अलग-अलग हिस्सों में जारी रहेगा, जहां स्थानीय लोगों और युवाओं को इस मुहिम से जोडक़र उन्हें पौधों के अभिभावक की भूमिका सौंपी जाएगी। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधक संजय शर्मा सहित मोनकिा, रेखा सहित स्टाफ सदस्य व विद्यार्थी मौजूद रहे।

