धरती को हरा-भरा बनाने का अनूठा संकल्प
 

पर्यावरणविद् श्रीपाल यादव की मुहिम में जुटे भिवानी के दिग्गज, रोपे पौधे, ली संरक्षण की जिम्मेवारी
 
 
भारत स्काउट्स चंद्रशेखर आजाद ग्रुप
भिवानी, 05 जून : बढ़ते प्रदूषण, लगातार बढ़ते तापमान और ग्लोबल वार्मिंग जैसी गंभीर वैश्विक समस्याओं से निपटने के लिए शुक्रवार को भिवानी में एक बेहद सराहनीय और सकारात्मक पहल देखने को मिली है। पर्यावरणविद् और मैराथन धावक श्रीपाल यादव द्वारा आयोजित एक विशेष पर्यावरण संरक्षण अभियान ने ज एक जन-आंदोलन का रूप ले लिया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आम जनमानस को प्रकृति के प्रति जागरूक करना और अधिक से अधिक पौधारोपण कर धरती को हरा-भरा बनाना था। श्रीपाल यादव की इस अनूठी और निस्वार्थ मुहिम को भिवानी के हर वर्ग का जबरदस्त समर्थन मिला।
      इस पुनीत कार्य की सबसे खूबसूरत तस्वीर तब देखने को मिली जब शिक्षा, खेल, कानून, प्रशासन, बैंकिंग और व्यापार जगत से जुड़ी कई जानी-मानी हस्तियों ने एक मंच पर आकर समाज को पर्यावरण बचाने का संदेश दिया। सभी दिग्गजों ने खुद अपने हाथों से मिट्टी खोदकर पौधारोपण किया और उनकी देखभाल का संकल्प लिया।
    अभियान में मुख्य रूप से पूर्व खंड शिक्षा अधिकारी कर्णसिंह श्योराण, इंस्पेक्टर महावीर, एडवोकेट अशोक आर्य, रामपाल, लोकराम नेहरा और कमल प्रधान, लिटिल हार्ट्स स्कूल के डायरेक्टर पवन गोयल, सन्नी गोयल, एथलेटिक्स कोच जगदीश और समाज को नई दिशा दे रहे डॉ. हरज्ञान, रमेश राघव, राजेन्द्र राघव, रमेश श्योराण, विजय पंचगांव, रविन्द्र घनघस, राजकुमार श्योराण, सूबेदार महेंद्र यादव, प्रशांत, प्रिया, उमेद सिंह और तनवीर यादव। पौधों की सुचारू व्यवस्था में चन्दर मोहन शंकर नर्सरी का विशेष और सराहनीय सहयोग रहा।
     इस अभियान को गति देने में युवा और बाल शक्ति ने सबसे अहम भूमिका निभाई। लिटिल हार्ट्स स्कूल के प्यारे बच्चों और भारत स्काउट्स चंद्रशेखर आजाद ग्रुप के नन्हे कैडेट्स ने पूरे उत्साह के साथ भाग लेकर बड़ों को भी प्रेरित किया। बच्चों के साथ-साथ बलवान जतिन, बाल किशन, आदित्य नेहरा और अदिति नेहरा ने पर्यावरण जागरूकता की अलख जगाई। वहीं मातृशक्ति और परिवार के सदस्यों ने भी इस मुहिम को सफल बनाने में पूरी ताकत झोंक दी। कार्यक्रम के मुख्य सूत्रधार श्रीपाल यादव के पुत्र संजीव कुमार के साथ शीतल सरोज, भवन, कांता, बाला, सुभाष, नीलम राजपूत, सरोज पंघाल, रामचंदर लाम्बा, तक्ष, सरोज यादव और शीतल यादव सहित अनेक प्रबुद्ध नागरिकों ने सक्रिय भूमिका निभाते हुए अपना विशेष योगदान दिया।
      इस अवसर पर उपस्थित वक्ताओं और गणमान्य नागरिकों ने श्रीपाल यादव के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि पेड़ केवल हमें जीवनदायिनी ऑक्सीजन ही नहीं देते, बल्कि हमारी आने वाली पीढिय़ों का भविष्य भी सुरक्षित करते हैं। आज जिस तरह से कंक्रीट के जंगल बढ़ रहे हैं, ऐसे में श्रीपाल यादव द्वारा शुरू किया गया यह अभियान केवल एक दिन का औपचारिक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि इसे एक निरंतर चलने वाला आंदोलन बनना होगा। हमारा कर्तव्य सिर्फ पौधा रोपना नहीं, बल्कि उसे एक पेड़ बनने तक पालना भी है। इस दौारन लोगों ने न केवल पौधे लगाए, बल्कि भविष्य में उन पौधों को नियमित पानी देने और उनकी पूरी देखभाल करने की सामूहिक जिम्मेदारी भी ली।