भिवानी: पंचकूला गया था परिवार, घर से डेढ़ किलो चांदी-गोल्ड जेवर चोरी

भिवानी।
भिवानी जिले के गांव दिनोद में एक बंद मकान से चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। मकान मालिक जयप्रकाश और उनका परिवार पंचकूला में रहता है। उनके माता-पिता जो गांव में रहते थे, 19 फरवरी को पंचकूला चले गए थे। पीछे से चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत के अनुसार मकान मालिक जयप्रकाश ने बताया कि 3 मार्च को वह अपने माता-पिता के साथ गांव लौटे तो घर का दरवाजा खुला मिला। उस समय घर के अंदर का सारा सामान बिखरा हुआ था। अलमारी से 80 हजार रुपए नकद के साथ करीब सवा किलो चांदी के आभूषण गायब मिले। चांदी की तांगड़ी, 3 जोड़ी पाजेब, 2 पैंडल और 10-12 चांदी के सिक्के आदि सामान गायब मिला। इसके अलावा सोने का एक मंगलसूत्र, एक अंगूठी और नाक की बाली भी चोरी हो गई।
सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और डॉग स्क्वायड टीम को भी बुलाया। दोनों टीमों ने करीब दो घंटे तक मौके की जांच की। हालांकि, चोरों का कोई सुराग नहीं लगा है। पुलिस ने धारा 331(4),305 BNS के तहत मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।