Bhiwani Agrah Dhwaja: देश में पहली बार भिवानी में फहराया गया 111 फुट ऊंचा अग्र ध्वज, सावित्री जिंदल और कृष्ण लाल मिड्ढा ने दी अनुदान राशि
देश में पहली बार भिवानी में फहराया गया 111 फुट ऊंचा अग्र ध्वज, सावित्री जिंदल और कृष्ण लाल मिड्ढा ने दी लाखों की अनुदान राशि
सावित्री जिंदल ने भिवानी को बताया अपना मायका, अग्र समाज के योगदान को सराहा
भिवानी, 27 सितंबर : भिवानी में श्री अग्रसेन ट्रस्ट द्वारा रविवार को आयोजित कार्यक्रम में देश भर में पहली बार 111 फुट की अभूतपूर्व ऊंचाई पर विशाल अग्र ध्वज फहराया गया। इस ऐतिहासिक पल की साक्षी बनीं एशिया की प्रमुख महिला उद्यमी, पूर्व मंत्री एवं हिसार से विधायक सावित्री जिंदल, जिन्होंने ध्वजारोहण कर नया कीर्तिमान स्थापित किया। कार्यक्रम में उपस्थित जनसैलाब को देखकर भावुक हुईं सावित्री जिंदल ने कहा कि हम महाराजा अग्रसेन के वंशज हैं और हमें इस पर बेहद गर्व है। भिवानी को अपना मायका बताते हुए उन्होंने याद किया कि स्व. ओ.पी. जिंदल साहब का भी भिवानी वासियों से विशेष लगाव था। भिवानी में इतने विशाल अग्रसेन भवन के निर्माण और ऐतिहासिक ध्वज की स्थापना के लिए उन्होंने समस्त अग्र समाज को बधाई दी। इस अवसर पर उन्होंने परिसर में वृक्षारोपण किया और भवन निर्माण के शेष कार्यों को पूरा करने हेतु अपने निजी कोष से 21 लाख रुपये देने की घोषणा की। साथ ही भविष्य में भी हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।

हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष कृष्ण लाल मिड्ढा ने महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि भिवानी हमेशा से अपनी धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान, गहनों और बर्तनों के व्यापार के लिए विख्यात रही है। आज सबसे बड़ा अग्रसेन भवन बनाने और 111 फुट ऊंचा ध्वज स्थापित करके भिवानी ने एक नया इतिहास रचा है। इस भव्य कार्य के लिए सभी योगदानकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने अपने कोटे से 11 लाख रुपये का योगदान देने का ऐलान किया। समारोह के दौरान ट्रस्ट की ओर से सावित्री जिंदल और कृष्ण लाल मिड्ढा को शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
इसी दौरान श्री अग्रसेन ट्रस्ट की साधारण सभा की बैठक भी संपन्न हुई। ट्रस्ट के मंत्री सुरेंद्र जैन ने गत बैठक की कार्यवाही और आय-व्यय का ब्योरा प्रस्तुत किया, जिसे सदन ने सर्वसम्मति से मंजूर कर लिया। इसके बाद वर्तमान अध्यक्ष रामदेव तायल ने अपने 3 साल के सफल कार्यकाल की संक्षिप्त रिपोर्ट प्रस्तुत की और पद से त्यागपत्र देने की पेशकश की। हालांकि, सदन ने उनके उत्कृष्ट कार्यों पर पूरा विश्वास जताते हुए उनका इस्तीफा अस्वीकार कर दिया और उन्हें आगामी 3 वर्षों के लिए पुन: अध्यक्ष मनोनीत कर दिया। इसके साथ ही सुरेंद्र जैन को महामंत्री तथा मनीष सर्राफ को कोषाध्यक्ष चुना गया।

पुन: चयन पर आभार व्यक्त करते हुए अध्यक्ष रामदेव तायल और महामंत्री सुरेंद्र जैन ने कहा कि वे समाज के विश्वास पर पूरी तरह खरा उतरेंगे। उन्होंने घोषणा की कि आगामी 3 वर्षों में अग्रसेन भवन के पूर्ण संचालन के साथ-साथ भिवानी में एक अत्याधुनिक सुपर स्पेशलिटी अस्पताल का निर्माण कराया जाएगा, ताकि क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। कार्यक्रम के दौरान कई नए सदस्यों ने ट्रस्ट की आजीवन सदस्यता ग्रहण की। इस खास मौके पर मुख्य अतिथि सावित्री जिंदल द्वारा 31 महिलाओं को पवित्र श्रीमद्भगवद्गीता भेंट की गई।
कार्यक्रम में विधायक घनश्याम दास सर्राफ, रामदेव तायल, सुरेंद्र जैन, बृजलाल सर्राफ, मनीष सर्राफ, धर्मेश शाह, पवन गोयल, सुनील सर्राफ, दिवाकर जैन, रमेश बंसल, नरेश बंसल, विजय कृष्ण धारेड़ू वाला, नरेश ढिग़ावा वाला, मीनू अग्रवाल, नाथूराम केडिया, दीपक गर्ग, प्रेमचंद गुप्ता, विष्णु केडिया, सुभाष जैन, प्रीतम अग्रवाल, दीपक बंसल, त्रिलोकचंद गोयल, आनंद गोयल, भावना गोयल, राजकुमार मंडी, कृष्णा तोला, रामनिवास शिवानी वाले, देवूराम बापोड़ा, बजरंग बहेलिया, मुकेश टायल, अजय श्रॉफ, बैजनाथ जैन, राजेश गोलपुरिया और विकास जैन सहित अग्र समाज के अनेक गणमान्य व्यक्ति बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।