20 दिवसीय हरियाणवी लोक नृत्य कार्यशाला भिवानी में, 7 अगस्त से होगी शुरू
भिवानी में 7 अगस्त से बाल भवन पब्लिक स्कूल में 20 दिवसीय नि:शुल्क हरियाणवी लोक नृत्य कार्यशाला आयोजित होगी। कला एवं सांस्कृतिक विभाग हरियाणा के सहयोग से पहल।
भिवानी, 04 अगस्त : युवाओं और विद्यार्थियों में छिपी कला को तराशने और पारंपरिक लोक संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भिवानी में एक विशेष पहल की जा रही है। रंगारंग आर्ट एंड कल्चर एसोसिएशन द्वारा 7 अगस्त से स्थानीय महम रोड स्थित बाल भवन पब्लिक स्कूल में 20 दिवसीय नि:शुल्क हरियाणवी लोक नृत्य कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन की रूपरेखा तय करने के लिए रंगारंग आर्ट एंड कल्चर एसोसिएशन की एक बैठक संस्था के कोषाध्यक्ष कार्तिक शर्मा के स्थानीय बीटीएम कॉलोनी स्थित आवास पर संपन्न हुई। बैठक में सर्वसम्मति से कार्यशाला के आयोजन और उसकी सफल तैयारियों को लेकर कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए। संस्था के प्रधान सुरेंद्र सिंह ने जानकारी दी कि यह 20 दिवसीय नि:शुल्क लोक नृत्य कार्यशाला रंगारंग आर्ट एंड कल्चर एसोसिएशन तथा कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग हरियाणा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की जा रही है।
कार्यशाला का औपचारिक शुभारंभ बाल भवन पब्लिक स्कूल की प्राचार्या मंजूषा द्वारा किया जाएगा। संस्था के प्रधान सुरेंद्र सिंह और सदस्य मनोज कालरा ने इस सहयोग के लिए प्राचार्या का विशेष आभार व्यक्त किया है। उन्होंने बताया कि स्थानीय स्तर पर ऐसी नृत्य कार्यशालाओं के माध्यम से विद्यार्थियों और युवाओं को लोक नृत्य की बारीकियां सिखाई जा रही हैं। इसका मुख्य उद्देश्य बच्चों की छिपी हुई कला को बाहर लाना और हमारी समृद्ध पारंपरिक लोक संस्कृति को नई पीढ़ी के बीच प्रोत्साहित करना है। एसोसिएशन ने बाल भवन पब्लिक स्कूल के पूरे स्टाफ का भी हृदय से आभार जताया है। इस अवसर पर बैठक में बैठक में मनोज कुमार, अमित राणा ,जितेंद्र सिंह मुकेश, महेंद्र सिंह, प्रदीप,प्रेरणा, सपना हिमांशु, मोहन सिंह,संजय व धीरज आदि उपस्थित रहे। यह कार्यशाला स्थानीय विद्यार्थियों के लिए अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुडऩे और अपनी कलात्मक प्रतिभा को निखारने का एक शानदार मंच साबित होगी।

