12 Lakh Note Garlands CCTV News 2026: भिवानी के घंटाघर चौक में 2 दुकानों से 10-12 लाख की चोरी: दीवार तोड़कर घुसे चोर, नोटों की मालाएं व गड्डियां ले उड़े

भिवानी के घंटाघर चौक स्थित दो दुकानों की दीवार तोड़कर 10-12 लाख की चोरी; नोटों की गड्डियां व मालाएं ले उड़े चोर, CCTV फुटेज के आधार पर तलाश जारी।
 
Haryana and Bhiwani crime news today Hindi

भिवानी: भिवानी के घंटाघर चौक स्थित 2 दुकानों में पीछे की दीवार तोड़कर करीब 10 से 12 लाख रुपये की चोरी का मामला सामने आया है। चोर दुकानों से नोटों की गड्डियां और नोटों की मालाएं चोरी कर ले गए। वारदात दुकान में लगे CCTV कैमरों में भी कैद हुई है। सुबह दुकानदार दुकान खोलने पहुंचे तो पीछे की दीवार टूटी मिली और चोरी का पता चला। इसके बाद उन्होंने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

चोरी के बाद मौके पर पहुंची एक पीड़ित महिला ने हाथ जोड़कर पुलिस से न्याय की गुहार लगाई। उसने कहा, "साहब, मालाओं के कट्टे भरकर लेकर गए हैं। बहुत नुकसान हो गया, इतना कमाया नहीं जाएगा। इनको जल्दी से जल्दी पकड़ो।"

🧱 फूटी दीवार से दुकानों में घुसे चोर

दुकानदार राहुल बंसल ने बताया कि घंटाघर चौक पर उनकी दुकान है। यहां वे नोटों की मालाएं और शादी-विवाह से जुड़ा सामान रखते हैं। रात को उनकी दुकान और पड़ोस की दुकान में चोरी हुई। उनकी दुकान से करीब 50 मालाएं चोरी हुई हैं। सुबह दुकान खोलने पर पीछे की दीवार टूटी मिली। इसके बाद चोरी का पता चला। राहुल के अनुसार, पड़ोसियों ने भी उन्हें इसकी सूचना दी थी। सामान की जांच करने के बाद ही चोरी हुई कुल रकम और नुकसान का पता लग पाएगा।

💰 गल्ले समेत नोटों की गड्डियां चुराईं

दुकानदार साहिल ने बताया कि वह सुबह दुकान पर पहुंचा और शटर खोला तो पीछे से रोशनी आती दिखाई दी। पीछे जाकर देखा तो दीवार टूटी हुई थी और दुकान में चोरी हो चुकी थी। दुकान के गल्ले में नोटों की गड्डियां रखी थीं। चोर गल्ले समेत गड्डियां ले गए। नोटों की मालाएं भी चोरी हुई हैं।

साहिल के अनुसार, पड़ोस की दुकान में भी चोरी हुई है। एक आरोपी दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हुआ है। उसने कपड़े से अपना मुंह ढका हुआ था। दुकान में घुसते ही उसने CCTV कैमरे का मुंह दूसरी तरफ कर दिया।

📉 हर दुकान में 5-6 लाख का नुकसान

व्यापारी नेता अभिषेक बंसल ने कहा कि रात को 2 दुकानों में चोरी होना शर्मनाक है। यह शहर का मुख्य चौक है, जहां पुलिस की गश्त होनी चाहिए। अगर पहले से गश्त होती है तो उसे बढ़ाने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि चोरों ने दीवार तोड़कर इतनी बड़ी वारदात को अंजाम दिया, लेकिन रात के समय वहां कोई पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था। उनके अनुसार, प्रत्येक दुकानदार को करीब 5-6 लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। चोर नई नोटों की गड्डियां और नोटों की मालाएं ले गए हैं।

📹 CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश

सिटी थाना प्रभारी जरनैल सिंह ने बताया कि सुबह दुकानदारों ने चोरी की सूचना दी थी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि दुकानों के पीछे स्कूल की बिल्डिंग है, जहां कोई नहीं रहता। इसी तरफ से पीछे की दीवार तोड़कर 2 दुकानों में चोरी की गई।

उन्होंने बताया कि अभी चोरी हुए सामान की कुल कीमत स्पष्ट नहीं हुई है। शिकायत मिलने के बाद इसका पता लग पाएगा। मौके पर फिंगरप्रिंट टीम को भी बुलाया गया है। एक आरोपी दुकान में लगे CCTV कैमरे में मुंह ढके हुए दिखाई दे रहा है। फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है।