एनीमिया जागरूकता के तहत पंडित सीताराम शास्त्री स्कूल में रक्त जांच शिविर आयोजित, 100 से अधिक छात्राओं व स्टाफ सदस्यों की हुई जांच
 

सशक्त समाज के निर्माण के लिए बेटियों का स्वस्थ होना जरूरी : प्रशासक शुकदेव मुनि
 
 
छात्राओं का स्वास्थ्य भिवानी

भिवानी, 10 जुलाई : बेटियों के स्वास्थ्य संवर्धन और उन्हें एनीमिया के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शुक्रवार को स्थानीय महम गेट स्थित पंडित सीताराम शास्त्री गल्र्स सीनियर सैकेंडरी स्कूल में रक्त जांच शिविर का आयोजन किया गया। भारत विकास परिषद के तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में स्कूल की 80 छात्राओं और 20 स्टाफ सदस्यों के स्वास्थ्य व रक्त की जांच की गई। इस सकारात्मक पहल का उद्देश्य न केवल एनीमिया की पहचान करना था, बल्कि छात्राओं को बेहतर पोषण और स्वस्थ जीवन शैली के प्रति प्रेरित करना भी था। शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में हरियाणा शेखावटी ब्रह्मचर्य आश्रम समिति के प्रशासक शुकदेव मुनि ने शिरकत की, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की प्राचार्या सोनिया कौशिक ने की। इस अवसर पर भारत विकास परिषद के प्रांतीय उपाध्यक्ष अशोक शर्मा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस मौके पर मुख्य अतिथि शुकदेव मुनि ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि बेटियां हमारे समाज का आधार हैं। यदि हमारी बेटियां शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ होंगी, तभी एक सशक्त और समृद्ध राष्ट्र का निर्माण संभव है। उन्होंने कहा कि अक्सर जागरूकता के अभाव में बेटियां स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं, विशेषकर एनीमिया को नजरअंदाज कर देती हैं। भारत विकास परिषद द्वारा उठाया गया यह कदम सराहनीय है। हमें केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं रहना है, बल्कि अपने स्वास्थ्य के प्रति भी सजग रहना है। सही खान-पान और योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाकर हम ऐसी बीमारियों को दूर रख सकते हैं। इस अवसर पर भारत विकास परिषद के प्रांतीय उपाध्यक्ष अशोक शर्मा ने कहा कि परिषद हमेशा से समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए कार्य करती रही है। एनीमिया जागरूकता कार्यक्रम के तहत इस शिविर का उद्देश्य छात्राओं को समय रहते स्वास्थ्य लाभ प्रदान करना है।  प्राचार्या सोनिया कौशिक ने भारत विकास परिषद का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय स्तर पर ऐसे शिविरों का आयोजन बेहद जरूरी है। शिविर के दौरान चिकित्सकों और परिषद के सदस्यों ने छात्राओं को आयरन से भरपूर खाद्य पदार्थों जैसे हरी पत्तेदार सब्जियां, गुड़, चना, और मौसमी फलों को अपनी डाइट में शामिल करने की सलाह दी। इस अवसर पर परिषद सचिव मीनाक्षी शर्मा, राजेश शर्मा, संध्या गर्ग, सरिता बजाज, महावीर प्रसाद तायल, विजय कुमार गुप्ता, गोपाल शर्मा, सज्जन कुमार सोनी,
सज्जन अग्रवाल, गजानंद शर्मा, सतीश लिखा, नितिन अग्रवाल, सुरेश कुमार, अशोक महता भी मौजूद रहे।