मेधावियों का महासम्मान : भिवानी के चार सरकारी स्कूलों में गूंजी प्रेरणा की गूंज
 

हरियाणा एससी आयोग के उपाध्यक्ष व हमारा अपना फाउंडेशन ने बढ़ाया बच्चों का हौसला
शिक्षा ही समाज में समानता और सम्मान का सबसे बड़ा जरिया : सचिन जैन
 
 
Educational Excellence Awards Haryana
भिवानी, 20 मई : शिक्षा केवल अक्षरों का ज्ञान नहीं, बल्कि समाज के नवनिर्माण की सबसे मजबूत नींव है। इसी उद्देश्य को चरितार्थ करते हुए भिवानी जिले के चार प्रमुख सरकारी विद्यालयों में प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के सम्मान में एक प्रेरणादायक समारोह का आयोजन किया गया। यह गरिमामयी कार्यक्रम राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पालुवास, राजकीय प्राथमिक पाठशाला पालुवास, राजकीय कन्या मॉडल संस्कृति प्राथमिक पाठशाला पालुवास और राजकीय मॉडल संस्कृति प्राथमिक पाठशाला हरिपुर में बेहद हर्षोल्लास और उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
      सभी विद्यालयों में समारोह की शुरुआत भारतीय संस्कृति के अनुरूप मुख्य अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन और पुष्प अर्पण के साथ हुई। इसके बाद, शैक्षणिक और सह-शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को पदक (मेडल) पहनाकर सम्मानित किया गया। मेडल पहनते ही विद्यार्थियों के चेहरे खुशी और आत्मगौरव से खिल उठे, जिसे देख पूरा परिसर तालियों की गडग़ड़ाहट से गूंज उठा।
     कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हरियाणा एससी आयोग के उपाध्यक्ष विजेंद्र बडग़ुजर ने अपने प्रेरणादायक संबोधन से बच्चों में नई ऊर्जा का संचार किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह परम शक्ति है जो समाज में समानता और सम्मान दिलाती है। मेरे खुद के जीवन में शिक्षा ही वह सीढ़ी रही है, जिसने मुझे आज समाज सेवा के इस प्रतिष्ठित मुकाम तक पहुंचाया है। एक शिक्षित व्यक्ति न केवल अपना, बल्कि अपने पूरे समाज और देश का भविष्य संवारता है। समारोह के विशिष्ट अतिथि और वर्धमान ज्वैलर्स के प्रबंध निदेशक व हमारा अपना फाउंडेशन के संस्थापक सचिन जैन ने विद्यार्थियों को जीवन में बड़े लक्ष्य तय करने की सीख दी। उन्होंने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं; अपना लक्ष्य हमेशा ऊंचा रखें, सपने बड़े देखें और शिक्षा को अपना सबसे मजबूत हथियार बनाएं। याद रखें, एक शिक्षित व्यक्ति जीवन की किसी भी परीक्षा में कभी हारता नहीं है।
     इस अवसर पर भिवानी के दंत चिकित्सक डॉ. कपिल शर्मा ने भी छात्रों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया। उन्होंने मौखिक स्वच्छता (ओरल हाइजीन) पर एक बेहद शिक्षाप्रद व्याख्यान दिया और बच्चों को दांतों की देखभाल के सरल व व्यावहारिक उपाय बताते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ दिमाग का वास होता है। चारों स्कूलों में बेहतरीन समन्वय (कोऑर्डिनेशन) की जिम्मेदारी श्रीमती कविता ने निभाई, जबकि मंच का कुशल और ऊर्जावान संचालन दीप शिखा द्वारा किया गया। उनके साथ सभी विद्यालयों के स्टाफ सदस्यों ने व्यवस्थाओं को बखूबी संभाला।
      इस मौके पर चारों विद्यालयों के प्रशासनिक प्रमुखों ने मुख्य अतिथियों का स्वागत किया और बच्चों का मार्गदर्शन किया, जिनमें मुख्य रूप से अर्चना प्रधानाध्यापिका राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पालुवास, देवेंद्र प्राथमिक हेड, राजकीय प्राथमिक पाठशाला पालुवास, नीरू स्नेहलता स्कूल इंचार्ज, राजकीय कन्या मॉडल संस्कृति प्राथमिक पाठशाला पालुवास व ईश्वर सिंह प्राथमिक हेड, राजकीय मॉडल संस्कृति प्राथमिक पाठशाला हरिपुर शामिल रहे।
     कार्यक्रम के अंतिम चरण में कोर कमेटी के अध्यक्ष आर.पी. ओला ने सभी मुख्य अतिथियों, स्कूल स्टाफ और बच्चों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने इस पुनीत कार्य में सहयोग देने के लिए वर्धमान ज्वैलर्स एवं त्रिवेणी डेंटल का विशेष धन्यवाद किया, जिनके सामाजिक सरोकार और सहयोग से विद्यार्थियों के लिए यह बेहद प्रेरणादायक और सफल कार्यक्रम आयोजित हो सका।