मनीषा हत्याकांड के आरोपियों की गिरफ़्तारी के लिए भिवानी हांसी मार्ग जाम
भिवानी में लेडी टीचर मनीषा के परिजन 5वें दिन भी ढिगावां मंडी में धरने पर बैठे हैं। मनीषा की लाश भिवानी के ही सिविल अस्पताल में पड़ी है लेकिन परिजनों का कहना है कि कि जब तक कातिल नहीं पकड़े जाते, वह अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। वही आज भिवानी काॅलेज की छात्र-छात्राओं ने भिवानी हांसी मार्ग जाम कर दिया। इस दौरान छात्र-छात्राओं में भारी रोष देखा गया।
सभी ने पुलिस से मनीषा हत्याकांड के आरोपियों को जल्द गिरफतार करने की मांग की है। पुलिस के समझाने के बाद करीब एक घंटे बाद छात्र-छात्राओं ने जाम खोला।
वहीं पुलिस को इस मर्डर केस में अब रोहतक PGI के डॉक्टरों की रिपोर्ट का इंतजार है। भिवानी में मनीषा के शव के पोस्टमॉर्टम के बाद 10 सैंपल जांच के लिए गए हैं। इस केस में PGI और मधुबन फोरेंसिक साइंस लैब (FSL) की रिपोर्ट अहम साबित हो सकती है।
PGI में 3 डॉक्टरों के पैनल ने दूसरी बार मनीषा के शव का पोस्टमॉर्टम किया। PGI एक्सपर्ट्स के पास मनीषा की जो बॉडी पहुंची, उसमें कई ऑर्गन नहीं थे। ये ऑर्गन भिवानी में मनीषा का पहला पोस्टमॉर्टम करने वाले मेडिकल बोर्ड ने विसरा जांच के लिए निकाल लिए थे। इसलिए PGI के डॉक्टरों ने मनीषा के इंटरनल ऑर्गन पर भिवानी के डॉक्टरों की ओपिनियन रिपोर्ट और फॉरेंसिक (FSL) रिपोर्ट मांगी।
इसके अलावा PGI के डॉक्टरों ने वे कपड़े भी मंगवाए हैं, जो डेडबॉडी मिलने के समय मनीषा के शरीर पर थे। PGI के मेडिकल एक्सपर्ट्स भिवानी से मिली ऑर्गन ओपिनियन रिपोर्ट के साथ अपनी ओपिनियन मिलाकर नई रिपोर्ट तैयार करेंगे। जो इस केस में काफी अहम साबित हो सकती है।

