- स्वास्थ्य विभाग की पीएनडीटी नोडल ने मारे भिवानी के पंवार, गुलिया और पूनिया समेत 7 बड़े अस्पतालों में छापे, अल्ट्रासाउंड रिकॉर्ड खंगाला
 

भिवानी में लिंगानुपात सुधारने के लिए स्वास्थ्य विभाग का सख्त एक्शन। शहर के प्रमुख अस्पतालों में पीसी-पीएनडीटी एक्ट के तहत अचानक छापेमारी, रिकॉर्ड की हुई जांच।

 
भ्रूण हत्या रोकथाम भिवानी

भिवानी, 24 जून।  जिला में लिंगानुपात में सुधार को लेकर पीएनडीटी नोडल डॉ अन्नू चौधरी ने बुधवार को शहर के प्रमुख चिकित्सा संस्थानों पर छापे मारे। इस दौरान उन्होंने अस्पतालों में पीसी-पीएनडीटी एक्ट के तहत अल्ट्रासाउंड व उससे संबंधित तमाम रिकॉर्ड बारीकी से चेक किए।
उल्लेखनीय है कि डीसी श्री गुप्ता द्वारा जिला में लिंगानुपात में सुधार को लेकर चिकित्सा विभाग को  सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। डीसी के निर्देशों के चलते चिकित्सा विभाग द्वारा शहर में विशेष छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।
 पीएनडीटी की नोडल अधिकारी डॉ. अनु चौधरी के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शहर के पंवार हॉस्पिटल, गुलिया हॉस्पिटल, पूनिया मैटरनिटी एंड नर्सिंग होम, गोयल नर्सिंग होम, इंद्रजीत हॉस्पिटल, भिवानी हार्ट हॉस्पिटल और भीष्म हॉस्पिटल में औचक निरीक्षण किया।
 डॉ. अनु चौधरी ने बताया कि निरीक्षण के दौरान इन सभी चिकित्सा संस्थानों में अल्ट्रासाउंड से संबंधित रिकॉर्ड की गहनता से जांच की गई, जो फिलहाल सही पाई गई। इसके साथ ही सभी चिकित्सा संस्थानों के संचालकों को सख्त हिदायत दी गई कि यदि किसी भी स्तर पर लिंग जांच से संबंधित कोई गैर-कानूनी कार्य किया जाता है, तो उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
डॉ. अनु चौधरी ने स्पष्ट किया कि चिकित्सा विभाग की टीम की सभी निजी व सरकारी चिकित्सा संस्थानों पर पैनी नजर है। जिला में कन्या भ्रूण हत्या जैसी कुप्रथा को रोकने और लिंगानुपात को और बेहतर करने के लिए यह छापेमारी अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।