भिवानी : तेज बारिश, ओले भी गिरे, पेड़ गिरने से गाड़ियां टूटीं 

 
भिवानी : तेज बारिश, ओले भी गिरे, पेड़ गिरने से गाड़ियां टूटीं 

भिवानी।

हरियाणा के सभी 22 जिलों में तड़के तेज बारिश हुई। अभी भी कई जगह बादल छाए हुए हैं। तेज आंधी के साथ बिजली चमक रही है। बारिश के कारण कई जगह जलभराव हुआ। आसमानी बिजली और आंधी से नुकसान हुआ है।

जींद जिले के जुलाना में मकान पर आसमानी बिजली गिरी। इससे घर की सभी खिड़कियों के शीशे टूट गए। कई जगह दरारें आ गईं। एलईडी, फ्रिज, वाशिंग मशीन और पंखे जल गए। मकान के नीचे एक निजी स्कूल चल रहा था। स्कूल का रिकॉर्ड भी जल गया। अब मकान जर्जर स्थिति में है।

इसके साथ हिसार जिले के बरवाला शहर में भी घर पर आसमानी बिजली गिरी। इससे लेंटर में गड्ढा पड़ गया। दीवारों में दरारें आईं। बिजली के उपकरण और वायरिंग जल गई।

फरीदाबाद में अंडरपास के अंदर कार डूब गई। इस दौरान गाड़ी का ड्राइवर सुरक्षित बाहर निकल आया। इसके बाद अंडरपास के दोनों तरह के गेट बंद कर दिए गए हैं। वहीं ट्रैफिक डायवर्ट कर दिया गया है। फतेहाबाद में गड्‌ढे में प्राइवेट स्कूल की बस फंस गई। गुरुग्राम के सेक्टर 56 में आंधी से पेड़ टूटकर गाड़ियों पर गिर गया। कई जगह बिजली गुल हो गई। मंडियों में गेहूं भीग गया।

मौसम विभाग ने सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल व पानीपत में बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है। इससे पहले देर रात को करनाल, पानीपत और कैथल में बारिश के साथ ओले गिरे थे।

गुरुग्राम में पेड़ और बिजली के खंभे गिरे: गुरुग्राम में कई जगहों पर पेड़ और बिजली के खंभे गिरे हैं। शीतला माता रोड, सिविल लाइन और पुराने गुरुग्राम के इलाकों में पानी भर गया है। कॉलोनियों में 5 घंटे से बिजली भी नहीं है। इससे लोगों को काफी परेशान हो रही है। 

सोनीपत में रोड पर गिरे पेड़, ट्रैफिक प्रभावित: सोनीपत में रात 1 बजे बारिश शुरू हुई थी। बीच में थोड़ी देर के लिए बारिश थमी, लेकिन सुबह फिर शुरू हो गई। यहां आंधी चल रही है। पुरखास खानपुर मेडिकल रोड के मुख्य मार्ग पर गांव सांदल कलां में पेड़ टूटने से यातायात प्रभावित हो गया। बड़े वाहनों को दूसरे रूट से जाना पड़ रहा है। करीबन 8 घंटे से ग्रामीण और शहरी क्षेत्र में बिजली गुल है। कई जगह बिजली के खंभे टूट गए हैं। खेतों में पानी भर गया।