एंटी नारकोटिक्स सेल भिवानी ने दो व्यक्तियों को मादक पदार्थ (हेरोइन) सहित किया गिरफ्तार।
लिस अधीक्षक भिवानी श्री सुमित कुमार के निर्देशानुसार जिला पुलिस द्वारा जिले में मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में एंटी नारकोटिक्स सेल भिवानी की टीम ने दो आरोपियों को मादक पदार्थ सहित गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।
दिनांक 14.06.2026 को एंटी नारकोटिक्स सेल भिवानी के सहायक उप निरीक्षक जसवंत सिंह अपनी टीम के साथ गश्त एवं अपराध रोकथाम ड्यूटी पर मौजूद थे। इसी दौरान पुलिस टीम को विश्वसनीय गुप्त सूत्रों से सूचना प्राप्त हुई कि दो व्यक्ति मोटरसाइकिल पर मादक पदार्थ लेकर आने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम द्वारा नाकाबंदी कर संदिग्ध मोटरसाइकिल को रुकवाकर नियमानुसार तलाशी ली गई तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 6.66 ग्राम मादक पदार्थ हेरोइन बरामद की गई तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को पुलिस कब्जे में लिया गया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान राहुल पुत्र राजेंद्र निवासी गांव संडवा, जिला भिवानी तथा मनजीत पुत्र सूरजभान निवासी गांव संडवा, जिला भिवानी के रूप में हुई है।
उक्त दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना बवानी खेड़ा में एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीबद्ध किया गया। आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश कर 01 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया था। रिमांड अवधि के दौरान पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे यह मादक पदार्थ बेचने के उद्देश्य से हांसी से लेकर आए थे। दोनों आरोपी पेशे से ड्राइवर का कार्य करते हैं।
पुलिस रिमांड अवधि पूर्ण होने के उपरांत आज दोनों आरोपियों को पुनः माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भेजने के आदेश दिए गए।

