भिवानी में अवैध हथियार के साथ युवक गिरफ्तार, सीआईए-1 ने देसी पिस्तौल की बरामद
 

भिवानी में सीआईए स्टाफ ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध देशी पिस्तौल के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी गुजरात से हथियार खरीदकर लाया था।

 
illegal pistol seized Haryana

पुलिस अधीक्षक भिवानी सुमित कुमार, आईपीएस के निर्देशन में जिला पुलिस को जिले में बिना लाइसेंस अवैध हथियार रखने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर ऐसे आरोपियों के खिलाफ प्रभावी पुलिस कार्रवाई अमल में लाने के निर्देश दिए गए हैं। इन्हीं निर्देशों के तहत कार्रवाई करते हुए सीआईए स्टाफ प्रथम भिवानी की टीम ने एक व्यक्ति को अवैध हथियार रखने के मामले में गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

दिनांक 25.07.2026 को सीआईए स्टाफ प्रथम भिवानी में तैनात एएसआई प्रदीप कुमार अपनी पुलिस टीम के साथ गश्त एवं अपराध रोकथाम ड्यूटी के दौरान बस अड्डा नांगल क्षेत्र में मौजूद थे। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि राहुल उर्फ राघलिया पुत्र ओमप्रकाश निवासी बालाण, जिला चूरू (राजस्थान) अपने पास अवैध हथियार रखे हुए है तथा ईंट-भट्टा, मानहेरू रोड के पास खड़ा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आरोपी को काबू किया। नियमानुसार तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से एक देशी पिस्तौल बरामद हुई।

पुलिस टीम द्वारा अवैध हथियार रखने के मामले में आरोपी राहुल उर्फ राघलिया पुत्र ओमप्रकाश निवासी बालाण, जिला चूरू (राजस्थान) को गिरफ्तार किया गया। 

आरोपी के विरुद्ध शस्त्र अधिनियम के तहत थाना सदर भिवानी में अभियोग पंजीबद्ध कर नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई गई।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह ट्रक पर हेल्पर का कार्य करता है तथा उक्त अवैध हथियार गुजरात से ₹ 10,000 में खरीदकर लाया था। उसने यह भी बताया कि वह भिवानी के मानहेरू में अपने एक परिचित से मिलने आया था।

गिरफ्तार आरोपी को आज माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से माननीय न्यायालय ने उसे न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भेजने के आदेश दिए।