- भीम खेल परिसर में धूमधाम व हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह: दीपक बाबू लाल करवा
 

- स्वतंत्रता दिवस पर शहर के प्रमुख चौराहों हो सजाया जाएगा: दीपक बाबू लाल करवा
- स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर एडीसी दीपक बाबू लाल करवा ने अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश
 
 
भिवानी ताजा समाचार

भिवानी, 03 अगस्त।   स्थानीय भीम स्टेडियम आयोजित होने वाले जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समरोह को लेकर लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए सभागार में डीसी साहिल गुप्ता के मार्गदर्शन में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता एडीसी दीपक बाबू लाल करवा ने की। उन्होंने कहा कि स्थानीय भीम खेल परिसर में 15 अगस्त को जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह धूमधाम व हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। इसके लिए शहर के प्रमुख चौराहों को फूल-मालाओं व रंग-बिरंगी लाईटों से सजाया जाएगा। उन्होंने शहर में नगर परिषद को सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। स्वतंत्रता दिवस पर शहर की भव्यता व रौनकता देखते ही बननी चाहिए। उन्होंने कहा कि शहर के प्रमुख संपर्क मार्ग पर शानदार प्रवेश द्वार बनाए जाएंगे ताकि भिवानी में आने वालों को शहर की सुंदरता अलग ही नजर आए। उन्होंने एसडीएम महेश कुमार को जिला स्तरीय समारोह का नोडल अधिकारी नियुक्त किया। उन्होंने बताया कि 13 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह की फुलड्रेस अंतिम रिहर्सल होगी। इस दौरान नगराधीश अनिल कुमार ने समारोह की रूपरेखा के बारे में विस्तार से जानकारी दी।  
एडीसी ने बताया कि समारोह स्थल पर सुबह 8.58 बजे मुख्य अतिथि का आगमन होगा तथा 9:00 बजे राष्ट्रगान की धुन के साथ मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा। मुख्य अतिथि द्वारा परेड का निरीक्षण किया जाएगा। परेड निरीक्षण के बाद मुख्य अतिथि अपना संबोधन देंगे। उसके बाद मार्च पास्ट की टुकडियां राष्ट्रीय ध्वज को सलामी देते हुए मंच के सामने से गुजरेंगी।
एडीसी ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि समारोह का समापन राष्ट्रगान से होगा, जिसकी प्रस्तुति छात्राओं द्वारा की जाएगी। समारोह में प्रस्तुत किए जाने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम देशभक्ति व देश की संस्कृति से ओतप्रोत हों। उन्होंने कहा कि शानदार कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले स्कूलों को ही समारोह में शामिल किया जाए। इसी प्रकार से एडीसी ने पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि परेड की टुकडिय़ों की कदम-ताल सही होनी चाहिए।
एडीसी ने नगर परिषद को समारोह स्थल के अलावा प्रमुख चौराहों की सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग को समारोह स्थल पर मुख्य मंच के सामने शानदार रंगोली बनाने, लोकनिर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता को समारोह में व्यवस्था प्रबंधन के लिए जरूरी स्थानों पर बैरीगेटिंग लगाने एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा समारोह के दौरान एंबुलेंस की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि समारोह में जिला प्रशासन द्वारा मुख्य अतिथि के हाथों स्वतंत्रता सेनानियों, युद्ध वीरांगनाओं का सम्मान किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपनी ड्यूटी में किसी प्रकार की कोताही ना बरतें। अधिकारी अपनी-अपनी जिम्मेवारी को गंभीरता से लें।
बैठक में डीएसपी अनूप कुमार, जिला परिषद के डिप्टी सीईओ रविंद्र दलाल, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी सोमबीर कादयान, जिला शिक्षा अधिकारी निर्मल दहिया, जिला खेल अधिकारी विद्यानंद यादव सहित सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।