Bhiwani Theft Case Arrest: भिवानी में घर में घुसकर रुपये चुराने वाला आरोपी गिरफ्तार, औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने 8,000 रुपये किए बरामद
थाना औद्योगिक क्षेत्र पुलिस ने घर में घुसकर रुपये चोरी करने के मामले में आरोपी को किया गिरफ्तार।
पुलिस टीम ने आरोपी से चोरी किए गए ₹ 8,000/- किए बरामद।
पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री मयंक मिश्रा, आईपीएस द्वारा जिला पुलिस को घरों में चोरी की वारदातों में शामिल आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इन्हीं निर्देशों के तहत कार्रवाई करते हुए थाना औद्योगिक क्षेत्र भिवानी पुलिस ने घर में घुसकर रुपये चोरी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
इस संबंध में शिकायतकर्ता हिम्मत निवासी भिवानी ने थाना औद्योगिक क्षेत्र भिवानी में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि एक व्यक्ति उसके घर में घुसकर घर में रखे रुपये चोरी करके ले गया है। शिकायत पर पुलिस द्वारा संबंधित धाराओं के तहत थाना औद्योगिक क्षेत्र भिवानी में अभियोग दर्ज किया गया।
अभियोग में प्रभावी कार्रवाई करते हुए दिनांक 26.09. 2026 को थाना औद्योगिक क्षेत्र भिवानी के उप निरीक्षक वीरेंद्र सिंह ने घर में घुसकर रुपये चोरी करने की वारदात में शामिल आरोपी को पालूवास मोड़, भिवानी से गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान महिबुल पुत्र जलालुद्दीन निवासी कलगिया, जिला बरपेटा, असम के रूप में हुई है।
पुलिस टीम द्वारा आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए ₹ 8,000/- बरामद किए गए हैं।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह मूल रूप से असम का रहने वाला है और कुछ दिन पहले ही भिवानी आया था तथा कबाड़ चुगने का काम करता है। आरोपी ने घर का दरवाजा खुला देखकर घर में प्रवेश किया और अंदर रखे रुपये चोरी करके ले गया।
आरोपी को आज माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां माननीय न्यायालय द्वारा आरोपी को जिला कारागार भेजने के आदेश दिए गए।