- अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों को लेकर भीम स्टेडियम में आयोजित हुआ योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण शिविर
 

12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को सफल बनाने के लिए भिवानी के भीम स्टेडियम में योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण शिविर आयोजित। बड़ी संख्या में नागरिकों ने लिया भाग।

 
योग दिवस तैयारी भिवानी
भिवानी, 11 जून। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन को लेकर जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग द्वारा भीम स्टेडियम में अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों के लिए योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया हुआ। शिविर में बड़ी संख्या में अधिकारियों, कर्मचारियों और आमजन ने योगाभ्यास किया।
जिला योग कोऑर्डिनेटर एवं चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय वैद ने बताया कि आयुष विभाग द्वारा जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन को सफल बनाने के उद्देश्य से लगातार योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में डीसी साहिल गुप्ता के निर्देशानुसार में वीरवार को भीम स्टेडियम में योग प्रशिक्षण प्रोटोकॉल शिविर आयोजित किया गया।
डॉ. संजय वैद ने कहा कि योग शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य का एक प्राचीन विज्ञान है। नियमित योगाभ्यास से शरीर में लचीलापन और ताकत बढ़ती है, तनाव एवं चिंता कम होती है तथा हृदय स्वास्थ्य में सुधार होता है। योग बेहतर पाचन, वजन नियंत्रण और गहरी नींद लाने में भी अत्यंत सहायक है।
शिविर के दौरान आयुष विभाग के योग प्रशिक्षक गजानंद शास्त्री, कविता अहलावत एवं मदन ने उपस्थित प्रतिभागियों को योग प्रोटोकॉल का अभ्यास करवाया। योग सत्र में अनुलोम-विलोम, भ्रामरी, शवासन सहित विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास कराया गया तथा योग के महत्व और लाभों की जानकारी भी दी गई।
इस अवसर पर आयुष विभाग से डॉ. प्रीति शर्मा, डॉ. दीपक वर्मा, डॉ. रविन्द्र, डॉ. सोनल, संदीप चौहान सहित विभाग के अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं योग सहायक उपस्थित रहे। वहीं खेल विभाग से जिला खेल अधिकारी विद्यानंद, सुरेश कोच, पूनम बंबल, विश्वजीत, राजेश कुमार कोच तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद रहे।