सिंचाई विभाग की सभी शाखाओं का हल्ला बोल : कर्मचारियों ने घेरा कार्यालय, ईआईसी को सौंपा ज्ञापन
कर्मचारियों के हितों को लेकर सरकार का ढुलमुल रवैया अब बर्दाश्त से बाहर : सोमबीर पालुवास
Updated: Jun 16, 2026, 17:01 IST
भिवानी, 16 जून : हरियाणा गवर्नमेंट पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल वर्कर यूनियन (रजिस्टर नंबर 41, मुख्यालय चरखी दादरी) संबंधित सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के बैनर तले मंगलवार को सिंचाई विभाग की तमाम ब्रांचों के कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। कर्मचारियों ने विभागीय अधिकारियों के कार्यालय पर जोरदार हल्ला बोल प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान विभाग के पांचों कार्यकारी अभियंताओं के माध्यम से इंजीनियर-इन-चीफ (ईआईसी) के नाम ज्ञापन सौंपा गया। विरोध प्रदर्शन की अध्यक्षता जिला उप प्रधान रामशरण खुंडिया ने की, जबकि मंच का कुशल संचालन जिला सचिव सोमबीर पालूवास द्वारा किया गया। प्रदर्शनकारियों को मुख्य वक्ता के तौर पर संबोधित करते हुए राज्य सह सचिव संदीप सौरखी ने सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सरकार लगातार कर्मचारियों की जायज मांगों की अनदेखी कर रही है। सिंचाई विभाग के कर्मचारी दिन-रात मुस्तैदी से काम करते हैं, लेकिन उनकी सर्विस कंडीशन, मानदेय और अन्य तकनीकी विसंगतियों को दूर करने में सरकार ढुलमुल रवैया अपनाए हुए है। उन्होंने कहा कि यह हल्ला बोल प्रदर्शन सरकार को एक सीधी चेतावनी है। अगर समय रहते सरकार ने मांगों पर सकारात्मक संज्ञान नहीं लिया, तो यह आंदोलन और उग्र रूप धारण करेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। उन्होंने बताया कि आंदोलन के अगले चरण में 4 जुलाई को सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी के भिवानी आवास तथा 18 जुलाई को मंत्री रणबीर गंगवा के हिसार आवास का घेराव किया जाएगा। इस मौके पर पहुंचे पूर्व जिला कोषाध्यक्ष बलराज ओला ने भी कर्मचारियों की एकजुटता की सराहना की और कहा कि हक मांगने से नहीं, बल्कि मजबूत संगठन के दम पर छीन कर लिया जाता है। इस अवसर पर आई बी जुई सिविल ब्रांच प्रधान मोहित कौशिक, सचिव जोगेंद्र मास्टर, कोषाध्यक्ष रामकिशन फौजी, आई बी भिवानी ब्रांच सचिव अमित परमार, कोषाध्यक्ष प्रदीप दलाल, आईबी सौरखी ब्रांच सचिव नीरज, कोषाध्यक्ष हरीश, आई बी निगाना ब्रांच प्रधान जगदीप फौगाट, सचिव प्रीतम बापोड़ा, कोषाध्यक्ष प्रवीण, आई बी बोन्द ब्रांच प्रधान नरेश, सचिव सुरजीत, आई बी स्याहडवा मैकेनिकल ब्रांच प्रधान सत्यपाल, सचिव अरविंद कुमार, कोषाध्यक्ष सुभाष कुमार, आई बी मीरान ब्रांच प्रधान संदीप फौगाट, नरेंद्र शर्मा, राजकुमार चांग, प्रवीण बडेसरा, अनूप कोटिया समेत सैकड़ों कर्मचारियों ने प्रदर्शन में हिस्सा लेकर अपनी आवाज बुलंद की।

