भिवानी में उत्साह के साथ मनाया गया जड़ी बूटी दिवस, पर्यावरण संरक्षण का लिया गया संकल्प
पर्यावरण संरक्षण को एक जन-अभियान बनाना है समिति का उद्देश्य : केके वर्मा
भिवानी, 04 अगस्त : योग गुरु बाबा रामदेव के सहयोगी आचार्य बालकृष्ण के जन्मदिन के अवसर पर मंगलवार को भिवानी में जड़ी बूटी दिवस का आयोजन धूमधाम से किया गया। पतंजलि योग समिति और भिवानी पर्यावरण शुद्धिकरण समिति के संयुक्त तत्वावधान में स्थानीय भगवान परशुराम चौक पर आयोजित इस कार्यक्रम में प्रकृति संरक्षण का संदेश देते हुए जरूरतमंद सामग्री का वितरण किया गया। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण और जीव-जंतुओं के संरक्षण के लिए 11 ट्री गार्ड, 51 पौधे, 40 पक्षियों के घोंसले, 5 गो-ग्रास पात्र वितरित किए गए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष शंकर लाल धूपड़ उपस्थित रहे। उन्होंने समिति के इस अनूठे प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि हम सभी को अधिक से अधिक पौधे लगाने चाहिए और उनके पेड़ बनने तक उनकी देखभाल करनी चाहिए। उन्होंने जनसमुदाय से हरियाणा शिक्षा बोर्ड परिसर में उपलब्ध भूमि पर भी पौधे रोपित करने का विशेष आग्रह किया। इस मौके पर भिवानी पर्यावरण शुद्धिकरण समिति के संयोजक के.के. वर्मा ने बताया कि समिति पिछले 5 वर्षों से आचार्य बालकृष्ण के जन्मदिन को इसी प्रकार जन-उत्सव के रूप में मना रही है। इसका मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को एक जन-अभियान बनाना है। समिति पौधों के रोपण के साथ-साथ पशु-पक्षियों, जीव-जंतुओं और मानव कल्याण के कार्यों में लगातार सक्रिय है। इस अवसर पर डॉक्टर चंचल धीर, आत्म प्रकाश टूटेजा, नरेश आहूजा, सुभाष महायच, सुरेंद्र बड़ेसरा, डॉक्टर मदन मानव और राजपाल धनाना ने भिवानी को प्रदूषण मुक्त और शुद्ध पर्यावरणयुक्त बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में नीरज वर्मा, शंकर सोनी, नवीन, राहुल, नरेश मोर, श्री भगवान, पशुपतिनाथ, धीरज आई अस्पताल का स्टाफ और अनेक गणमान्य नगरवासियों ने विशेष सहयोग दिया तथा पर्यावरण संरक्षण के कार्यों में निरंतर योगदान देने का संकल्प लिया।

