मेधावी बेटियों के सम्मान से गूंजा कैरू : रा.क.व.मा. विद्यालय में वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह संपन्न
भिवानी, 10 जुलाई : बेटियों की शिक्षा, उनके सशक्तिकरण और प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को कैरू स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की शैक्षणिक और सह-शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली मेधावी छात्राओं को पदक एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि व अन्य गणमान्य जनों द्वारा मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया। इसके बाद विद्यालय की छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। आगंतुक अतिथियों का स्कूल प्रबंधन द्वारा पुष्पमाला पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। मंच का कुशल और प्रभावी संचालन श्री राजेंद्र सिंह जी ने अपनी चिरपरिचित शैली में किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हरियाणाा अनुसूचित जाति आयोग के वाईस चेयरमैन विजेंद्र बडग़ूजर रहे, जिन्होंने छात्राओं की प्रतिभा की जमकर सराहना की। विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित तोशाम के तहसीलदार अशोक शंखला ने बेटियों को प्रशासनिक और सामाजिक क्षेत्रों में आगे बढऩे के लिए प्रेरित किया। इसी गांव के गौरव, सरकारी विद्यालय के पूर्व छात्र एवं वर्तमान आईटी अधिकारी अशोक सोलंकी ने छात्राओं से अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि इच्छाशक्ति मजबूत हो तो संसाधनों की कमी कभी आड़े नहीं आती। वहीं वर्धमान ज्वेलर्स के प्रबंध निदेशक एवं हमारा अपना फाउंडेशन के संस्थापक सचिन जैन ने भी बेटियों को जीवन में बड़े लक्ष्य तय करने और उन्हें हासिल करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का संदेश दिया। सभी वक्ताओं ने एक सुर में इस बात पर बल दिया कि शिक्षा ही वह सशक्त माध्यम है जो समाज में बदलाव ला सकता है।
कार्यक्रम में विशेष रूप से पहुंचे हमारा अपना फाउंडेशन के अध्यक्ष आर.पी. ओला ने अपनी संस्था के विजन को साझा किया। उन्होंने फाउंडेशन द्वारा शिक्षा और सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में किए जा रहे प्रेरणादायी कार्यों की संक्षिप्त जानकारी दी और भविष्य में भी विद्यालय को हरसंभव सहयोग देने का विश्वास दिलाया। इस कार्यक्रम के सफल और सुचारू आयोजन में हमारा अपना फाउंडेशन की सक्रिय सदस्य कविता दांगी के बेहतरीन समन्वय की विशेष भूमिका रही, जिनकी प्रबंधन कला की सभी ने सराहना की। विद्यालय की प्राचार्या शर्मा ने इस मौके पर सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया और हमारा अपना फाउंडेशन के प्रयासों को अनुकरणीय बताया।

