राजकीय स्कूल कोंट में प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित : मेधावी छात्रों को ग्राम पंचायत ने किया सम्मानित
 

12वीं में मुस्कान और 10वीं में सत्यम ने स्कूल में पाया प्रथम स्थान, पंचायत ने बांटे पुरस्कार
बेटे-बेटियों की यह सफलता पूरे गांव के लिए गौरव का क्षण : सरपंच प्रतिनिधि प्रेम सिंह
 
भिवानी एजुकेशन न्यूज़
भिवानी, 23 मई :  शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का हौसला बढ़ाने के लिए शनिवार को गांव कोंट स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह में बोर्ड की 10वीं और 12वीं कक्षा की परीक्षाओं में बेहतरीन अंक हासिल कर विद्यालय व गांव का नाम रोशन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सरपंच प्रतिनिधि प्रेम सिंह ने शिरकत की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में सेवानिवृत्त प्रवक्ता सतीश चौहान व तारावती उपस्थित रहे। समारोह में मेधावी छात्रों को पुरस्कार वितरित करने के बाद उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि प्रेम सिंह ने कहा कि आज हमारे सरकारी स्कूल के बच्चों ने जो मुकाम हासिल किया है, वह उनकी कड़ी मेहनत और शिक्षकों के सही मार्गदर्शन का परिणाम है। ग्राम पंचायत शिक्षा के स्तर को सुधारने और बच्चों को आगे बढ़ाने के लिए हर संभव सहायता देने के लिए हमेशा तत्पर है। बेटियों और बेटों की यह सफलता पूरे कोंट गांव के लिए गौरव का क्षण है। प्राचार्य जगदीश चंद्र ने समारोह की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि ग्राम पंचायत कोंट की ओर से मेधावी छात्रों का उत्साहवर्धन करने के लिए अनेक प्रकार के उपयोगी पुरस्कार देकर उन्हें सम्मानित किया गया। उन्होंने बताया कि इस वर्ष कक्षा 12वीं में छात्रा मुस्कान ने विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। वही कक्षा 10वी में छात्र सत्यम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए स्कूल में पहला स्थान हासिल किया। विशिष्ट अतिथि सतीश चौहान व तारावती ने भी विद्यार्थियों को जीवन में निरंतर आगे बढऩे और अनुशासन बनाए रखने की प्रेरणा दी। समारोह का सफल और सुचारू मंच संचालन फिजिक्स प्रवक्ता नरेंद्र शर्मा द्वारा अपने चिरपरिचित अंदाज में किया गया। कार्यक्रम को भव्य बनाने में स्कूल के समस्त स्टाफ और ग्रामीणों ने बढ़-चढक़र भाग लिया। इस अवसर पर वेद महाराज, जयपाल, पूर्व सरपंच हरविंद्र सिंह, विकास और राजेश जांगड़ा के साथ-साथ भारी संख्या में अभिभावक भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में स्कूल स्टाफ से सुषमा, जय भारती, सुमन, मंजुला, संगीता, मनीषा, कविता, रेनू, रेखा, सुनीता, नवरत्न, चंचल, सत्यनारायण, रमेश, अनीता, सरोज, राजेंद्र, अशोक और पतराम सहित सभी शिक्षक व कर्मचारी उपस्थित रहे।