DC Sahil Gupta News 2026: लाल डोरे के मकान-प्लॉट का बनेगा पक्का कानूनी मालिकाना हक रिकॉर्ड: डीसी साहिल गुप्ता ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

भिवानी के डीसी साहिल गुप्ता ने कहा कि हरियाणा आबादी देह अधिनियम के तहत लाल डोरे के मकान-प्लॉट का पक्का मालिकाना हक रिकॉर्ड बनेगा। जानिए नियम और जरूरी दस्तावेज। पूरी खबर पढ़ें।
 
DC Sahil Gupta Bhiwani news

लाल डोरे के मकान-प्लॉट का बनेगा कानूनी तौर पर पक्का मालिकाना हक रिकॉड: डीसी

नागरिकों की सुनी जाएंगी दावे एवं आपत्तियां

दावे एवं आपत्तियों के निपटारे के लिए होगा विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन

भिवानी, 16 नवंबर। हरियाणा आबादी देह (स्वामित्व अधिकारों का निहित होना, अभिलेखन और समाधान) अधिनियम, 2025 व नियम, 2026 के तहत अब गांवों के लाल डोरे के भीतर बने मकान, दुकान और प्लॉट का स्थायी मालिकाना रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा। इसके तहत अंतिम रिकॉर्ड में दर्ज व्यक्ति को स्वामित्व अधिकार प्रमाण-पत्र दिया जाएगा, जिससे उन्हें अपनी संपत्ति का पक्का कानूनी प्रमाण मिल सकेगा।

डीसी साहिल गुप्ता ने ये जानकारी डीआरडीए सभागार में राजस्व विभागों के अधिकारियों को निर्देश देते हुए दी। उन्होंने बताया कि सरकार के निर्देशानुसार प्रक्रिया के तहत पटवारी व कानूनगो सर्वे के नक्शों का मिलान करेंगे और सहायक कलेक्टर द्वितीय श्रेणी (तहसीलदार/नायब तहसीलदार) प्रत्येक गांव में सरपंच, पंच, लंबरदार व ग्राम सचिव की समिति बनाएंगे। गांव में मुनादी कराकर विशेष कैंप लगाए जाएंगे, जहा दस्तावेजों के आधार पर जानकारी अपडेट कर मसौदा (ड्राफ्ट) रिकॉर्ड सार्वजनिक स्थान व सरकारी वेबसाइट पर जारी होगा। कैम्प में रजिस्ट्री, बिजली-पानी के बिल, पहचान पत्र व पंचायत रसीद आदि दस्तावेज साथ लाने होंगे। उन्होंने बताया कि दावे एवं आपत्तियों के निपटारे के लिए ग्राम सभाओं का आयोजन भी होगा। विशेष कैंप और ग्राम सभाओं के आयोजन का शीघ्र शेड्यूल जारी किया जाएगा।

आबादी देह

मसौदा रिकॉर्ड जारी होने के बाद ग्रामीण अपना नाम, माप और सीमा अवश्य जांच लें; किसी भी त्रुटि या नाम छूटने पर 90 दिन के भीतर संबंधित तहसील कार्यालय या ऑनलाइन आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है, जबकि फैसले के खिलाफ 30 दिन में अपील का अधिकार होगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मालिकाना हक का निर्धारण केवल वर्तमान कब्जे के बजाय 8 मार्च 2019 की स्थिति के अनुसार किया जाएगा। किसी भी प्रकार के सर्वे चिह्नों से छेड़छाड़ न करें और अधिक जानकारी के लिए संबंधित पटवारी या तहसील कार्यालय से संपर्क करें।

वहीं दूसरी ओर प्रदेश के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने लाल डोरे के मकान-प्लॉट का कानूनी तौर पर पक्का मालिकाना हक रिकार्ड को लेकर जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस कार्य को पारदर्शी ढंग से संपन्न करवाया जाए। इसके लिए मास्टर ट्रेनर बनाए जाएं और राजस्व विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों जरूरी प्रशिक्षण दिया जाए।

अवसर पर भिवानी के एसडीएम महेश कुमार, सिवानी की एसडीएम विजया मलिक, डीडीपीओ सोमबीर कादयान, तहसीलदार जयबीर सिंह सहित सभी तहसीलदार व नायब तहसीलदार मौजूद रहे।