भिवानी: डाक सहायक ने फर्जी साइन कर उड़ाए लाखों, जिला अनुसंधान इकाई ने दबोचा
लोहारू उप डाकघर में खाताधारकों के साथ धोखाधड़ी करने वाले डाक सहायक को भिवानी पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोपी ने फर्जी दस्तावेजों से करीब 25 लाख की हेराफेरी की।
जिला अनुसंधान इकाई ने उप डाकघर लोहारू में खाताधारक के खाते से लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में डाक कर्मचारी को किया गिरफ्तार।
जिला अनुसंधान इकाई भिवानी की टीम ने उप डाकघर लोहारू में खाताधारक के खाते से धोखाधड़ी कर रुपये निकालने के मामले में एक डाक कर्मचारी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर 01 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री सुमित कुमार के निर्देशानुसार जिले में आम नागरिकों के साथ धोखाधड़ी करने वाले आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कार्रवाई करते हुए जिला अनुसंधान इकाई ने उक्त मामले में प्रभावी जांच कर आरोपी को काबू किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अधीक्षक डाकघर भिवानी मंडल द्वारा थाना लोहारू में शिकायत दर्ज करवाई गई थी कि उप डाकघर लोहारू में खाताधारक राम सिंह के बचत खाते से वर्ष 2025 के दौरान अलग-अलग तिथियों में बिना जानकारी के लगभग ₹ 3,20,000/- की राशि निकाली गई। शिकायत के आधार पर थाना लोहारू में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
जांच के दौरान जिला अनुसंधान इकाई के एएसआई विजेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को भिवानी से गिरफ्तार किया।
आरोपी की पहचान मनोज कुमार पुत्र रतन सिंह निवासी गांव बेरला, थाना बाढड़ा, जिला चरखी दादरी के रूप में हुई है।
जो उप डाकघर लोहारू में डाक सहायक के पद पर कार्यरत था।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि उसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर खाताधारक राम सिंह के नाम से फर्जी विड्राल फॉर्म तैयार किए और फर्जी हस्ताक्षर कर वर्ष 2025 में अलग-अलग तिथियों पर लगभग ₹ 3,20,000 की राशि निकाल ली। बाद में शिकायत की जांच शुरू होने पर आरोपी ने दिनांक 11.12.2025 को उक्त राशि खाते में वापस जमा करवा दी थी, ताकि कानूनी कार्रवाई से बचा जा सके।
आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर उप डाकघर के अन्य 5-6 खाताधारकों के खातों से भी फर्जी दस्तावेज तैयार कर लगभग ₹ 20-25 लाख रुपये की धोखाधड़ी की है।
मामले में गहन जांच जारी है तथा अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही सभी संलिप्त आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

