भिवानी : वाहन की टक्कर से युवक की मौत, परिजनों ने हत्या की आशंका जताई 

 
भिवानी : वाहन की टक्कर से युवक की मौत, परिजनों ने हत्या की आशंका जताई 

भिवानी।

भिवानी में बीती रात 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। उसका शव आलमपुर-दूल्हे रोड पर पड़ा मिला। माना जा रहा है कि उसकी मौत किसी वाहन की टक्कर से हुई है, लेकिन परिजनों ने उसकी हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर शव का नागरिक अस्पताल में पोस्टमॉर्टम होगा। पुलिस छानबीन कर रही है।

जानकारी के अनुसार, गांव आलमपुर का रहने वाला मनोज कुमार पुलिस में भर्ती के लिए तैयारी कर रहा था। वह आम दिनों की तरह शुक्रवार रात को भी रेस लगाकर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान वह आलमपुर-दूल्हे रोड पर अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया। उसे घायल अवस्था में पहले तोशाम के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। वहां से गंभीर हालत के चलते भिवानी के नागरिक अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 

युवक मनोज की मौत की सूचना के बाद तोशाम थाना पुलिस के एएसआई नसीब सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहां से मिले साक्ष्य सड़क हादसे की ओर इशारा करते हैं। हालांकि, मृतक के भाई मुकेश ने हत्या की आशंका जताई है।

गांव के सरपंच राजेंद्र के अनुसार, मनोज गुरुग्राम में प्राइवेट नौकरी करता था और पुलिस में भर्ती की तैयारी कर रहा था। वह अविवाहित था। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह सड़क हादसा है या हत्या का मामला। शव का पोस्टमॉर्टम होना अभी बाकी है।