मुख्य बाजारों में ट्रैफिक प्रतिबंधों और अतिक्रमण को लेकर पुलिस व व्यापारियों के बीच बनी सहमति
 

नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अतिक्रमण ना करे व्यापारी : अध्यक्ष नवीन गुप्ता 
 
 
फेडरेशन ऑफ भिवानी ट्रेडर्स एसोसिएशन
भिवानी, 11 जून : शहर के मुख्य व्यापारिक क्षेत्रों में पिछले काफी दिनों से की गई बैरिकेटिंग, चार पहिया वाहनों तथा ई-रिक्शा के संचालन पर लगे प्रतिबंध के कारण आम जनता और व्यापारियों को भारी व्यावहारिक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। रेलवे स्टेशन व बस स्टैंड आने-जाने वाले यात्रियों, बुजुर्गों, मरीजों और दुकानों तक माल पहुंचाने वाले ट्रांसपोर्टरों को इससे काफी दिक्कतें आ रही थी। इन जनसमस्याओं के समाधान को लेकर क्लोथ, हैण्डलूम एण्ड साड़ी मर्चेन्ट एसोसिएशन भिवानी के अध्यक्ष तथा फेडरेशन ऑफ भिवानी ट्रेडर्स एसोसिएशन के प्रधान व भाजपा जिला कोषाध्यक्ष नवीन गुप्ता के नेतृत्व में व्यापारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने भिवानी सिटी थाना एसएचओ को ज्ञापन सौंपकर इस समस्या के व्यवहारिक समाधान की मांग की।
     सिटी थाना एसएचओ से हुई मुलाकात में बनी सहमति के बारे जानकारी देते हुए अध्यक्ष नवीन गुप्ता ने बताया कि व्यापारियों की समस्याओं पर गंभीरता से विचार करते हुए सिटी थाना एसएचओ ने बाजार में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और व्यापारियों को राहत देने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिए। जिसमें बाजार में अत्यधिक भीड़ को नियंत्रित करने और साथ ही महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से, बाजार के भीतर केवल महिलाओं द्वारा चलाई जाने वाली ई-रिक्शा को ही प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। साथ में कोई भी ई रिक्शा जिसमें सामान लोड है उसे मार्केट में जाने की इजाजत रहेगी, अगर किसी को मार्केट के अंदर से कोई भी सामान लेकर जाना है तो वह बैरीकेड के पास से ई रिक्शा मार्केट में माल लोडींग करने के लिए ले जा सकता है, बैरीकेड के पास बैठे प्रशासन के मैबर इस बारे में कोई आपत्ती नही करेंगे। ट्रांसपोर्टरों को बाजार में माल लाने व ले जाने के लिए विशेष समय सीमा की राहत दी गई है। अब ट्रांसपोर्ट गाडिय़ां सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा शाम को 6 बजे से रात 9 बजे तक बाजार में आ-जा सकेंगी, जिससे व्यापारिक गतिविधियां भी प्रभावित नहीं होंगी और जाम की स्थिति से भी बचा जा सकेगा। वही पुलिस प्रशासन द्वारा बाजार से अतिक्रमण हटाए जाने की बात पर एसोसिएशन ने अपनी सहमति जताई है। एसोसिएशन के अध्यक्ष नवीन गुप्ता ने सभी स्थानीय दुकानदारों व व्यापारियों से विनम्र पुरजोर अपील की है कि वे आम नागरिकों और ग्राहकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दुकानों के बाहर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न करें व सहयोग करें।
      ज्ञापन सौंपने के अवसर पर एसोसिएशन के अध्यक्ष नवीन गुप्ता के साथ एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष हरीश ठुकराल, सचिव अमित गुप्ता, त्रिलोक बंसल, प्रदीप नारंग, रवि भग्गनका, मोहन भृगु, संदीप भूत सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन द्वारा दिए गए इस व्यवहारिक आश्वासन और जनहित में लिए गए फैसलों का स्वागत किया है, जिससे शहर के फूलों वाले चौक, गौशाला मार्केट, सराय चौपटा और जैन चौक के व्यापारियों व आम जनता को बड़ी राहत मिलेगी।