सरसों के अनुचित भंडारण करने वालों पर मार्केट फीस सहित लगाया आठ लाख रुपए जुर्माना
भिवानी, 17 अप्रैल। एडीसी दीपक बाबू लाल करवा के निर्देशानुसार जिला में सरसों के अनुचित भंडारण और बाजार शुल्क चोरी करने वालों के खिलाफ मार्केट कमेटी द्वारा छापेमार कार्रवाई की जा रही है। मार्केट कमेटी अधिकारियों ने विभिन्न 12 तेल मिल उद्योगों पर छापेमारी कर उन पर 12 हजार क्विंटल से अधिक अनाधिकृत स्टॉक रखने पर आठ लाख से ज्यादा तीन हजार 291 रुपए मार्केट फीस सहित जुर्माना लगाया है। सरसों का अनाधिकृत स्टॉक करने व बाजार शुल्क चोरी करने वालों के खिलाफ यह अभियान जारी रहेगा। वहीं अधिकारियों ने विभिन्न उद्योग संचालकों से आह्वïान किया है वे अनाधिकृत रूप से सरसों का स्टॉक और मार्केट फीस चोरी ना करेंं। वहीं किसानों से अपील की है कि वे अपनी सरसों को मंडी में ही बेचें और बिक्री के बाद जे-फॉर्म अवश्य प्राप्त करें ताकि सरकारी राजस्व को किसी प्रकार का नुकसान न हो ताकि किसानों के साथ किसी भी प्रकार की आर्थिक धोखाधड़ी ना हो।
उल्लेखनीय है कि जिला प्रशासन के संज्ञान में आया है कि सरसों सीधे बिचौलियों को बेची जा रही है, जो कि प्रचलित बाजार दरों के सरसों के एमएसपी से अधिक होने के कारण, निर्धारित बाजार शुल्क जमा किए बिना उपज का भंडारण किया जा रहा है। डीसी साहिल गुप्ता के निर्देशानुसार जिले की मंडियों में सरसों के अनुचित भंडारण/ जमाखोरी और बाजार शुल्क की चोरी रोकने को लेकर एडीसी दीपक बाबूलाल करवा की अध्यक्षता में विशेष कमेटियों का गठन किया जा चुका है। निगरानी कमेटियों द्वारा सरसों से संबंधित उद्योगों पर छापेमार कार्रवाई कर सरकार द्वारा निर्धारित नियमों के अनुसार सरसों की खरीद व स्टॉक की पूरी निगरानी की जा रही है।
बॉक्स
- सरसों के 12 हजार क्विंटल से अधिक अनाधिकृत स्टॉक पर मार्केट फीस सहित लगाया आठ लाख से ज्यादा जुर्माना
भिवानी मार्केट कमेटी सचिव देवेंद्र ढ़ुल ने जानकारी देते हुए बताया कि सरसों के अनाधिकृत स्टॉक को रोकने के लिए छापेमार कार्रवाई की जा रही है। इस दौरान अनियमितताओं के कई मामले सामने आए, जिन पर मार्केट फीस वूसल करने के साथ-साथ जुर्माने की कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान कुल 12 हजार 14.03 क्विंटल सरसों का स्टॉक अनाधिकृत मिला, जिन पर 8,03,291 रुपये मार्केट फीस व पैनल्टी लगाई गई है। उन्होंने बताया कि भिवानी क्षेत्र में सीता राम कैलाश चंद फर्म के पास 7517.13 क्विंटल अनाधिकृत सरसों स्टाक पाए जाने पर 4,37,029 रुपये की मार्केट फीस व जुर्माना लगाया गया। इसी प्रकार से खुराना कॉटन इंडस्ट्रीज पर 1405 क्विंटल स्टॉक के लिए 1,31,813 रुपये तथा गोयल ऑयल उद्योग पर 516 क्विंटल के लिए 44,354 रुपये की पैनल्टी की गई।
उन्होंने बताया कि शिव कॉटन इंडस्ट्रीज पर 354 क्विंटल के लिए 28,725 रुपये, तरवीन पुत्र सतपाल के दो मामलों में कुल 694.5 क्विंटल पर लगभग 54,449 रुपये, भवानी ट्रेडिंग कंपनी पर 508.5 क्विंटल के लिए 32,781 रुपए, गणेश दाल एंड जिनिंग मिल पर 501.9 क्विंटल के लिए 33,135 रुपये, गर्ग ऑयल उद्योग पर 128 क्विंटल के लिए 9,600 रुपये, बेरलिया एंटरप्राइजेज पर 95 क्विंटल के लिए 7,890 रुपये, सुभाष गोयल इंडस्ट्रीज के दो मामलों में कुल 294 क्विंटल अनाधिकृत सरसों स्टॉक रखने पर 23,515 रुपये मार्केट फीस व जुर्माना लगाया गया है।
बॉक्स
छापेमार की कार्रवाई जारी रहेगी: एडीसी
एडीसी दीपक बाबू लाल करवा ने कहा कि डीसी साहिल गुप्ता के निर्देशानुसार जिला में सरसों के अवैध स्टॉक व मार्केट फीस चोरी को रोकने के लिए प्रत्येक मंडियों पर निगरानी टीमों का गठन किया गया है। मार्केट कमेटी अधिकारियों द्वारा छापेमार कार्रवाई की जा रही है, जो जारी रहेगी। सरसों के संबंधित उद्योग संचालकों से यह अपील है कि सरसों का अनाधिकृत स्टॉक या मार्केट फीस चोरी ना करें।

