Bhiwani Door To Door Garbage News: भिवानी वासियों के लिए राहत, 25 अगस्त से शुरू हो सकता है डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन

भिवानी में रविवार आधी रात को नगर परिषद ने 60 ट्रॉली कूड़ा उठाया। 25 अगस्त से डोर-टू-डोर कलेक्शन शुरू होने की उम्मीद।
 
सफाई कर्मचारी हड़ताल भिवानी

नगर परिषद ने रविवार आधी रात को एक बार फिर चलाया सफाई अभियान

शहर की विभिन्न जगहों से उठाया करीब 60 ट्राली कूड़ा
 

भिवानी, 24 अगस्त। सफाई कर्मचारियों के विरोध के बीच नगर परिषद प्रशासन ने रविवार की आधी रात को एक बार फिर से शहर को गंदगी से मुक्त बनाने का प्रयास किया। डीएमसी हरबीर सिंह की मौजूदगी में एजेंसी द्वारा जेसीबी और ट्रैक्टर ट्राली की मदद से अनेक स्थानों से करीब 60 ट्राली कूड़ा कचरा उठाया गया। वहीं दूसरी तरफ नगर परिषद प्रशासन का प्रयास है कि शहर में अतिशीघ्र डोर-टू-डोर कचरा कलैक्शन का कार्य शुरू किया जाए ताकि नागरिकों को घर का कूड़ा-कचरा इधर-अधर ना फेंकना पड़े।

उल्लेखनीय है कि शहरी स्थानीय निकाय विभाग के सफाई कर्मचारियों द्वारा अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रदेश भर में हड़ताल की जा रही है। इसके चलते सफाई कर्मचारियों द्वारा शहर में गंदगी का उठान नहीं किया जा रहा है। इससे शहर में गंदगी का आलम बना है। हड़ताल के दौरान सफाई कर्मचारियों द्वारा नगर परिषद द्वारा टेंडर की गई एजेंसी के सफाई कार्य में बाधा डाली जा रही है, जिसके चलते सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं हो पा रही। इससे आमजन के सामने भारी परेशानी बनी हुई है।

नागरिकों के समक्ष बन रही भारी परेशानी के चलते नगर परिषद प्रशासन ने शनिवार रात को शहर में एजेंसी के माध्यम से सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने का प्रयास किया, लेकिन सफाई कर्मचारियों ने इसका भारी विरोध किया। विरोध के बावजूद नगर परिषद प्रशासन ने एजेंसी से सर्कुलर रोड़ से करीब 90 ट्राली कूड़े का उठान करवाया।

सफाई कर्मचारी हड़ताल भिवानी

शहर में बनी गंदगी से नागरिकों के सामने बन रही समस्या के चलते नगर परिषद प्रशासन ने एजेंसी के माध्यम से रविवार आधी रात को शहर में एक बार फिर से सफाई अभियान चलाया। इस दौरान हांसी रोड़ पर आईटीआई और रेस्ट हाउस के आसपास, अशोक रोड़, बीटीएम चौक, किरोड़ीमल मंदिर, सराय चौपटा, नया बाजार लोहड़ चोपड़ा, चौ. सुरेंद्र सिंह मेमोरियल पार्क के सामने से जेसीबी के माध्यम से करीब 60 ट्राली कूड़े का उठान किया गया।
नगर परिषद द्वारा शहर को गंदगी से मुक्त बनाए जाने के इस प्रयास के दौरान सफाई कर्मचारियों ने अपनी मांगों का हवाला देते हुए एजेंसी द्वारा किए जा रहे हैं सफाई कार्य को रोकने का प्रयास किया लेकिन डीएमसी हरबीर सिंह ने सूझबूझ से काम लेते हुए हर संभव कूड़ा उठाने का प्रयास किया।

नगर परिषद प्रशासन का शीघ्र डोर-टू-डोर कूड़े का कलैक्शन का प्रयास: डीएमसी

डीएमसी हरबीर सिंह के अनुसार नगर परिषद प्रशासन का प्रयास है कि  शहर में जल्द से जल्द डोर-टू-डोर कूड़े का कलैक्शन शुरू हो। इसके लिए नगर परिषद द्वारा टैंडर की गई एंजेसी को निर्देश दिए गए हैं। संभवत 25 अगस्त शहर में जल्द से जल्द डोर-टू-डोर कूड़े का कलैक्शन शुरू हो जाएगा।