सीआईए स्टाफ प्रथम भिवानी ने वॉशिंग पॉइंट से मोटरसाइकिल चोरी करने के मामले में आरोपी को किया गिरफ्तार।
पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री सुमित कुमार, आईपीएस द्वारा जिला पुलिस को जिले में वाहन चोरी की वारदातों में शामिल आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई अमल में लाने के निर्देश दिए गए हैं। इन्हीं निर्देशों की पालना करते हुए सीआईए स्टाफ प्रथम भिवानी की टीम ने वॉशिंग पॉइंट से मोटरसाइकिल चोरी करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।
इस संबंध में शिकायतकर्ता आशुतोष निवासी पतराम गेट, भिवानी ने थाना सिविल लाइन, भिवानी में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह सेक्टर-23 स्थित एक वॉशिंग पॉइंट पर अपनी मोटरसाइकिल धुलवाने के लिए गया था। इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति उसकी मोटरसाइकिल चोरी कर मौके से फरार हो गया। शिकायत के आधार पर थाना सिविल लाइन, भिवानी में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग अंकित कर जांच शुरू की गई।
अभियोग में आगामी कार्रवाई करते हुए दिनांक 26.07. 2026 को सीआईए स्टाफ प्रथम भिवानी के जांचकर्ता मुख्य सिपाही नवीन कुमार ने अपनी पुलिस टीम के साथ प्रभावी कार्रवाई करते हुए हुडा पार्क, भिवानी के सामने से मोटरसाइकिल चोरी के मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान नितेश पुत्र ललित निवासी गांव रामपुर (बलियाली), जिला भिवानी के रूप में हुई है।
पुलिस टीम ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह खेती-बाड़ी का कार्य करता है। आरोपी को नियमानुसार गिरफ्तार कर आज माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जिला कारागार, भिवानी भेजने के आदेश दिए गए।

