बेटियों को बेटों के समान अवसर देकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाना संभव : प्रदीप डीईओ/रेखा सीएचओ
भिवानी, 06 मई : सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) धनाना के तत्वावधान में स्वास्थ्य विभाग द्वारा सामाजिक सरोकारों को मजबूती देने की दिशा में एक और कदम उठाया गया है। सीएचसी धनाना के एसएमओ डा. नागेश महर्षि के मार्गदर्शन में सब सैंटर मुंढ़ाल कलां में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस रैली का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को कन्या भ्रूण हत्या जैसी सामाजिक बुराई के खिलाफ एकजुट करना और बेटियों की शिक्षा व उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना रहा। रैली के दौरान स्वास्थ्य विभाग के दल ने गांव की गलियों में भ्रमण करते हुए ग्रामीणों को जागरूक किया। इस दौरान ग्रामीणों को बताया गया कि आज देश की बेटियां खेल, विज्ञान, राजनीति और सेना जैसे हर क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं।
बेटियों की इन उपलब्धियों ने न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे देश का मस्तक गर्व से ऊंचा किया है। इस मौके पर प्रदीप डीईओ व सीएचओ डा. रेखा ने कहा कि बेटियां समाज का आधार हैं। समाज में सकारात्मक बदलाव तभी आएगा जब हम बेटियों को बेटों के समान अवसर और अधिकार देंगे। आज की रैली का मकसद ग्रामीणों को यह समझाना है कि कन्या भ्रूण हत्या एक जघन्य अपराध है। हमें अपनी सोच बदलनी होगी और बेटियों को शिक्षित कर उन्हें सशक्त बनाना होगा ताकि वे अपनी किस्मत खुद लिख सकें। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा चलाई जा रही बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं, लेकिन अभी भी जमीनी स्तर पर लगातार संवाद और जागरूकता की आवश्यकता है। हम विभाग की ओर से समय-समय पर ऐसे आयोजन करते रहेंगे ताकि गांव का कोई भी परिवार बेटियों को बोझ न समझे। जागरूक समाज ही एक स्वस्थ और समृद्ध राष्ट्र का निर्माण कर सकता है। इस अवसर पर एमपीएचडब्ल्यू सुखविंद्र, कमलेश एएनएम, आशा वर्कर मौसम देवी व लक्ष्मी भी साथ रहे।

