Bhiwani Seva Setu Camp: भिवानी में 6 अक्टूबर से लगेंगे नागरिक सेवा सेतु शिविर, डीसी साहिल गुप्ता ने की ग्रामीणों से अपील

भिवानी जिले में सेवा संकल्प अभियान के तहत नागरिक सेवा सेतु शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। डीसी साहिल गुप्ता ने नागरिकों से शिविरों का लाभ उठाने की अपील की है।

 
Haryana government welfare schemes

नागरिक सेवा सेतु शिविरों में पहुंचकर सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं: डीसी साहिल गुप्ता

छह अक्टूबर को बहल बीडीपीओ कार्यालय परिसर में लगेगा सेवा सेतु शिविर

भिवानी, 05 सितंबर। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जनसेवा के 25 साल पूरे होने के उपलक्ष में देशभर में शुरु किए गए सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में डीसी साहिल गुप्ता के मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न ब्लॉकों, शहरी स्थानीय निकायों तथा महाग्राम/बड़े गांवों में सेवा सेतु शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से आमजन को विभिन्न सरकारी सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ उपलब्ध करवाया जा रहा है। डीसी ने इन शिविरों के आयोजन हेतु संबंधित उपमंडल अधिकारियों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।

नगराधीश अनिल कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि इन शिविरों का उद्देश्य आमजन को सरकारी सेवाओं एवं कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित सुविधाएं उनके नजदीकी क्षेत्र में उपलब्ध करवाना है। इन शिविरों के माध्यम से लोगों को विभिन्न सरकारी विभागों की सेवाओं, योजनाओं और पात्रता से संबंधित जानकारी देने के साथ-साथ उनके आवेदन एवं समस्याओं का समाधान किया जाएगा। छह अक्टूबर को बहल ब्लॉक का शिविर बीडीपीओ कार्यालय परिसर बहल में आयोजित होगा।

महाग्राम एवं बड़े गांवों में शिविरों का कार्यक्रम

सेवा सेतु अभियान के तहत महाग्राम एवं बड़े गांवों में भी शिविर आयोजित किए जाएंगे। सात अक्टूबर को खरक कलां में दादी जाबदे मंदिर परिसर में तथा चांग में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में शिविर होंगे। आठ अक्टूबर को गांव बलियाली के पंचायत घर रामलीला मैदान तथा बड़सी में नेता जी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम में शिविर लगाए जाएंगे। नौ अक्टूबर को लोहानी में सामुदायिक केंद्र में तथा हेतमपुरा में सामान्य चौपाल में शिविर होंगे। 12 अक्टूबर को ढिगावा जाटान के रेस्ट हाउस अग्रसेन भवन, ढिगावा तथा पहाड़ी माता मंदिर सेवा सदन में शिविर आयोजित किया जाएगा।

13 अक्टूबर को मंढोली कलां में सामुदायिक केंद्र में तथा चहड़ कलां में सामुदायिक केंद्र में शिविर होंगे। 14 अक्टूबर को बागनवाला के ग्राम सचिवालय में तथा छपार रांगड़ान में सामुदायिक केंद्र में शिविर लगाए जाएंगे। 15 अक्टूबर को गांव बड़वा में कुम्हार/खाती धर्मशाला तथा लीलस में बिश्नोई भवन में सेवा सेतु अभियान का शिविर आयोजित किया जाएगा।

डीसी साहिल गुप्ता ने नागरिकों से अपील करते हुए आह्वान किया है कि सेवा सेतु शिविर जिलाभर में ब्लॉक स्तर और बड़े गांवों में आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया जाएगा। नागरिक इन शिविरों में पहुंचकर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाएं।