स्वामी ज्ञानानंद महाराज के अवतरण दिवस पर निकाली भिवानी नशा मुक्त यात्रा, “नशा छोड़ो-परिवार जोड़ो” का दिया संदेश
भिवानी में स्वामी ज्ञानानंद महाराज के अवतरण दिवस पर विशाल नशामुक्त यात्रा निकाली गई। बाल योगी महंत चरणदास के सानिध्य में युवाओं को नशे से दूर रहने का दिया संदेश।
भिवानी
स्वामी ज्ञानानंद महाराज के अवतरण दिवस के उपलक्ष्य में श्री कृष्ण कृपा जिओ गीता परिवार द्वारा आयोजित 6 दिवसीय कार्यक्रमों के अंतर्गत भिवानी में विशाल नशा मुक्त यात्रा निकाली गई। यात्रा की शुरुआत जोहड़ी धाम से बाल योगी महंत चरणदास के सानिध्य में हुई। यात्रा में बड़ी संख्या में युवाओं, महिलाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं प्रबुद्ध नागरिकों ने भाग लेकर समाज को नशे के खिलाफ एकजुट होने का संदेश दिया।
नशा मुक्त यात्रा शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होती हुई पुनः जोहड़ी धाम पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान “नशा छोड़ो-परिवार जोड़ो”, “युवा बचाओ-देश बचाओ” और “स्वस्थ युवा-समृद्ध समाज” जैसे नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा। लोगों ने हाथों में जागरूकता बैनर लेकर युवाओं को नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर बाल योगी महंत चरणदास ने कहा कि आज नशा समाज के लिए सबसे बड़ी सामाजिक बुराइयों में से एक बन चुका है। नशे की वजह से युवा पीढ़ी अपने लक्ष्य से भटक रही है और परिवार टूटने की कगार पर पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिस घर का युवा नशे की गिरफ्त में आ जाता है, वहां सुख-शांति समाप्त हो जाती है। परिवार आर्थिक, मानसिक और सामाजिक परेशानियों से घिर जाता है।
महंत चरण दास ने कहा कि “नशा छोड़ो-परिवार जोड़ो” केवल एक अभियान नहीं बल्कि समाज को बचाने का संकल्प है। उन्होंने युवाओं से खेल, योग, शिक्षा, धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों से जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि सकारात्मक सोच और अच्छे संस्कार ही नशे से बचाव का सबसे बड़ा माध्यम हैं। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे अपने बच्चों के साथ समय बिताएं और उन्हें अच्छे संस्कार दें।
समिति के जिला अध्यक्ष नरेश आहूजा ने कहा कि स्वामी ज्ञानानंद महाराज ने हमेशा मानव सेवा, संस्कार और समाज सुधार का संदेश दिया। उन्हीं की प्रेरणा से यह जागरूकता यात्रा निकाली गई है ताकि समाज विशेषकर युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जा सके। उन्होंने कहा कि यदि युवा शक्ति सही दिशा में आगे बढ़ेगी तो समाज और राष्ट्र दोनों मजबूत होंगे।
यात्रा के दौरान भजन-कीर्तन और धार्मिक जयघोषों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। कई स्थानों पर लोगों ने यात्रा का स्वागत किया तथा अभियान की सराहना की। कार्यक्रम में सामाजिक एकता, पारिवारिक मूल्यों और मानव सेवा का संदेश भी दिया गया।
इस अवसर पर बिसंबर अरोड़ा, विनोद छाबड़ा, जेई बिजेश जावला, संजय कामरा, अधिवक्ता धीरज सैनी, पवन सैनी, सुरेश सैनी सहित अनेक महिलाएं, सामाजिक कार्यकर्ता एवं प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।

