विश्व पृथ्वी दिवस पर हरियाली की अलख: नवदुर्गा सेवा सहयोग संस्था ने महम रोड से शुरू किया 2600 पौधों का अभियान
भिवानी
विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर महम रोड, चोखानी ई-स्टेट, गली नंबर 1 में नवदुर्गा सेवा सहयोग संस्था द्वारा एक अनूठे और प्रेरणादायक पौधारोपण अभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के दौरान न केवल पौधे लगाए गए, बल्कि क्षेत्रवासियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए एक नई सोच भी दी गई कि जीवन के हर विशेष अवसर को प्रकृति के साथ जोड़ा जाए।
इस मौके पर संस्था के पर्यावरण रक्षक दिनेश सैनी, अमित सैनी और निखिल ने कहा कि आज के समय में बढ़ता प्रदूषण और घटती हरियाली मानव जीवन के लिए गंभीर चुनौती बन चुकी है। यदि अभी से ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आने वाली पीढ़ियों को इसके दुष्परिणाम भुगतने पड़ेंगे। उन्होंने कहा कि पौधारोपण केवल एक दिन का कार्य नहीं, बल्कि यह निरंतर चलने वाली जिम्मेदारी है, जिसमें पौधे लगाने के साथ उनकी देखभाल भी उतनी ही जरूरी है।
उन्होंने बताया कि संस्था की प्रधान उर्मिला सैनी के दिशा निर्देश पर इस वर्ष 2600 पौधे लगाने व इच्छुक लोगों को वितरित करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। खास बात यह है कि संस्था अब लोगों के जन्मदिन, शादी की सालगिरह, बच्चों के जन्मदिन और अन्य विशेष अवसरों पर मुफ्त पौधे उपलब्ध करवाएगी, ताकि लोग अपने इन खास पलों को पर्यावरण संरक्षण के साथ जोड़कर स्थायी यादगार बना सकें।
उन्होंने बताया गया कि नवदुर्गा सेवा सहयोग संस्था पिछले कई वर्षों से लगातार पौधारोपण के साथ-साथ उनकी देखभाल का भी जिम्मा उठाती आ रही है। संस्था के सदस्य समय-समय पर पौधों को पानी देना, उनकी सुरक्षा करना और उनके विकास पर नजर रखना सुनिश्चित करते हैं, जिससे पौधे केवल लगाए ही न जाएं, बल्कि बड़े होकर पर्यावरण को वास्तविक लाभ पहुंचाएं।
संस्था ने आमजन से आह्वान किया कि वे आगे आकर इस मुहिम का हिस्सा बनें और अपने जीवन के हर महत्वपूर्ण अवसर पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, युवाओं और महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और संस्था की इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक कदम बताया।
यह अभियान केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं, बल्कि समाज में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता की एक नई लहर पैदा करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है।

