Haryana Navratri Mela 2026: पहाड़ी माता और देवसर मंदिर मेलों के लिए प्रशासन सतर्क, सुरक्षा में कोताही पर होगी कार्रवाई
नवरात्रि मेलों के दौरान पहाड़ी माता मंदिर और देवसर धाम में सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और पेयजल के पुख्ता इंतजाम करने के लिए डीसी साहिल गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।
नवरात्रि मेलों में सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के पुख्ता इंतजाम करें अधिकारी: साहिल गुप्ता
पहाड़ी माता मंदिर और देवसर धाम में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं
भिवानी, 16 अक्टूबर। डीसी एवं जिला मजिस्ट्रेट साहिल गुप्ता ने नवरात्रि के अवसर पर गांव पहाड़ी माता मंदिर और गांव देवसर स्थित माता मंदिर में आयोजित होने वाले मेलों के सुचारू एवं शांतिपूर्ण संचालन के लिए संबंधित एसडीएम और विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कानून व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, यातायात, सफाई, पेयजल, चिकित्सा, बिजली और अग्नि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए है कि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीसी ने अपने आदेशों में संबंधित एसडीएम को मेला व्यवस्थाओं की निगरानी और विभागों के बीच समन्वय की जिम्मेदारी सौंपी है। पुलिस अधीक्षक को पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा, यातायात नियंत्रण और पार्किंग की उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, एंबुलेंस एवं अग्निशमन वाहनों के लिए रास्ते खुले रखने, संबंधित तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार ड्यूटी मजिस्ट्रेट के रूप में तैनात रहेंगे।
डीसी ने जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी को सफाई और कचरा निस्तारण, सिविल सर्जन को चिकित्सा टीमों एवं एंबुलेंस, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को स्वच्छ पेयजल तथा बिजली निगम को निर्बाध बिजली और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने, जिला अग्निशमन अधिकारी को अग्नि सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध करने के निर्देश दिए हैं। डीसी ने सभी अधिकारियों को मेला स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने और श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं।