नया सफर योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर निजी बस संचालकों की बैठक आयोजित
भिवानी, 8 जुलाई। स्थानीय लघु सचिवालय स्थित एसडीएम महेश कुमार की अध्यक्षता में उनके कार्यालय में नया सफर योजना के संबंध में निजी बस संचालकों की बैठक आयोजित की गई। एसडीएम ने बस संचालकों से सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना का लाभ उठाते हुए पुराने एवं अधिक प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों के स्थान पर आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल वाहनों को अपनाने का आह्वान किया।
बैठक को संबोधित करते हुए एसडीएम महेश कुमार ने कहा कि योजना का उद्देश्य राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में वायु प्रदूषण को कम करना तथा परिवहन व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, आधुनिक और पर्यावरण-अनुकूल बनाना है। उन्होंने बताया कि बीएस-4 अथवा उससे पुराने मानकों वाले ट्रकों एवं बसों को चरणबद्ध तरीके से हटाकर बीएस-6, सीएनजी एवं इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा दिया जाएगा, जिससे कार्बन डाइऑक्साइड, पीएम-2.5, पीएम-10, नाइट्रोजन ऑक्साइड तथा कार्बन मोनोऑक्साइड जैसे प्रदूषकों के उत्सर्जन में उल्लेखनीय कमी आएगी।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत पुराने वाहनों की वैज्ञानिक एवं पर्यावरण-अनुकूल स्क्रैपिंग के लिए अधिकृत रजिस्टर्ड व्हीकल स्क्रैपिंग फैसिलिटी के माध्यम से जमा प्रमाणपत्र जारी किया जाएगा। नए बीएस-6, सीएनजी अथवा इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने पर मोटर वाहन कर एवं पंजीकरण शुल्क में 100 प्रतिशत छूट, 5 प्रतिशत ब्याज सब्सिडी, वाहन निर्माता द्वारा 8 प्रतिशत तक की छूट तथा ईंधन वाउचर अथवा उसके समतुल्य एकमुश्त लाभ उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं सेकेंड-हैंड बीएस-6 वाहनों की खरीद पर भी मोटर वाहन कर में 50 प्रतिशत छूट, ब्याज सब्सिडी एवं अन्य निर्धारित प्रोत्साहन दिए जाएंगे।
एसडीएम महेश कुमार ने निजी बस संचालकों को निर्देश दिए कि वे योजना के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए पात्र पुराने वाहनों को अधिकृत स्क्रैपिंग केंद्रों पर जमा करवाएं तथा समयबद्ध रूप से आधुनिक एवं स्वच्छ प्रौद्योगिकी वाले वाहनों को अपनाएं। उन्होंने कहा कि यह योजना पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ परिवहन व्यवसाय को भी अधिक सुरक्षित, किफायती और भविष्य उन्मुख बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। बैठक में निजी बस संचालकों ने योजना के सफल क्रियान्वयन में प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। इस दौरान बैठक प्राइवेट बस एसोसिएशन के प्रधान दिनेश कुमार, प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के प्रधान रामोतार शर्मा, अमित डागर व जोगपाल सिंह मौजूद रहे।

