NEET-2026 परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न करवाने हेतु सुरक्षा एवं यातायात के विशेष प्रबंध- पुलिस अधीक्षक भिवानी।।
राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-2026) दिनांक 21 जून 2026 को जिला भिवानी में निर्धारित 07 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा का समय दोपहर 2:00 बजे से सायं 5:15 बजे तक रहेगा। परीक्षा के सफल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संचालन तथा परीक्षार्थियों के सुगम आवागमन को सुनिश्चित करने के लिए भिवानी पुलिस द्वारा व्यापक सुरक्षा एवं यातायात प्रबंध किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री सुमित कुमार, आईपीएस ने बताया कि परीक्षा के दौरान बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों एवं उनके अभिभावकों के भिवानी पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए संबंधित पुलिस अधिकारियों को विशेष जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
शहर के प्रमुख चौराहों एवं संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। ट्रैफिक पुलिस यह सुनिश्चित करेगी कि सड़क किनारे अनधिकृत पार्किंग न हो तथा यातायात सुचारू रूप से संचालित रहे।
पुलिस अधीक्षक महोदय ने ऑटो चालकों एवं वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी न बैठाई जाए तथा वाहन सड़क पर अव्यवस्थित ढंग से खड़े न किए जाएं। नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर यातायात को वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया जाएगा तथा भारी एवं बड़े वाहनों को बाईपास मार्ग का उपयोग करने की सलाह दी गई है।
परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था के लिए प्रत्येक केंद्र पर महिला पुलिस कर्मियों सहित पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। इसके अतिरिक्त पार्किंग व्यवस्था, पेट्रोलिंग एवं निगरानी के लिए पर्यवेक्षण अधिकारियों तथा सहायक पर्यवेक्षण अधिकारियों की विशेष ड्यूटियां लगाई गई हैं। सभी थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र में लगातार गश्त करेंगे।
परीक्षा की निष्पक्षता एवं गोपनीयता बनाए रखने के लिए परीक्षा केंद्रों के अंदर मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, स्मार्ट वॉच, ईयरफोन, टैबलेट, हिडन कैमरा, पेजर सहित किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इसके अतिरिक्त पेन, पेंसिल, पर्स, बेल्ट, पुस्तकें, नोट्स एवं अन्य प्रतिबंधित सामग्री भी परीक्षा केंद्र के भीतर ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
परीक्षा केंद्रों के आसपास स्थित कोचिंग संस्थान, फोटोस्टेट केंद्र, स्टेशनरी एवं संबंधित व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। परीक्षा अवधि के दौरान परीक्षा केंद्रों के आसपास ड्रोन उड़ाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। प्रत्येक परीक्षार्थी को निर्धारित सुरक्षा जांच एवं सत्यापन के बाद ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा।
परीक्षा संचालन हेतु प्रत्येक केंद्र पर सीसीटीवी निगरानी, जैमर, बायोमेट्रिक सत्यापन, वीडियोग्राफी एवं फ्रिस्किंग की व्यवस्था की गई है। केवल अधिकृत एवं पहचान-पत्रधारी कर्मियों को ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति होगी।
पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री सुमित कुमार, आईपीएस ने आमजन से अपील की है कि परीक्षा के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें, अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें तथा परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्र न करें। परीक्षार्थियों एवं उनके अभिभावकों से अनुरोध है कि वे समय से पूर्व परीक्षा केंद्र पर पहुंचें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
भिवानी पुलिस निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण परीक्षा संचालन के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।

