भिवानी को बड़ी सौगात: PM मोदी ने नए मेडिकल कॉलेज का किया उद्घाटन
पीएम मोदी ने भिवानी में नए राजकीय मेडिकल कॉलेज का उद्घाटन किया। 600 बेड का अस्पताल, एमबीबीएस सीटें और स्वास्थ्य सेवाओं की पूरी जानकारी यहाँ पढ़ें।
भिवानी: भिवानी जिले के लिए शुक्रवार का दिन ऐतिहासिक दिन है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से जिले के नए राजकीय मेडिकल कॉलेज का उद्घाटन कर इसे जनता को समर्पित किया. उद्घाटन समारोह में प्रदेश की कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी, राज्यसभा सांसद किरण चौधरी और सांसद धर्मबीर सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.
ग्रीन एनर्जी का संदेश देने के लिए ई-ऑटो से पहुंची नेता: समारोह के दौरान पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने का संदेश भी दिया गया. कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी और राज्यसभा सांसद किरण चौधरी कार्यक्रम स्थल तक इलेक्ट्रिक ऑटो से पहुंची. इसे ग्रीन एनर्जी के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता के प्रतीक के रूप में देखा जा रहा है. इस पहल को लेकर स्थानीय लोगों में भी उत्सुकता बनी हुई है.
600 से अधिक बेड वाला आधुनिक अस्पताल: उद्घाटन के बाद शुरू होने वाला राजकीय मेडिकल कॉलेज भिवानी ही नहीं, बल्कि आसपास के जिलों के लोगों को भी आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराएगा. यहां 600 से अधिक बेड की क्षमता वाला अस्पताल होगा, जहां गंभीर मरीजों के इलाज की व्यापक व्यवस्था रहेगी. इसके साथ ही विशाल ओपीडी, आधुनिक आईसीयू और अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों की सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे मरीजों को बेहतर उपचार मिल सकेगा.
आपातकालीन सेवाओं, बेहतर इलाज की सुविधा: मेडिकल कॉलेज में 24 घंटे संचालित होने वाला इमरजेंसी एवं ट्रॉमा सेंटर भी स्थापित किया गया है. सड़क दुर्घटनाओं और गंभीर मरीजों को गोल्डन ऑवर के भीतर उपचार उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा. इसके अलावा हृदय रोग, कैंसर, न्यूरोलॉजी और जटिल सर्जरी जैसी सुपर स्पेशियलिटी सेवाएं भी उपलब्ध होंगी, जिससे मरीजों को इलाज के लिए बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा.
मेडिकल शिक्षा को मिलेगा नया आयाम: यह संस्थान स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ मेडिकल शिक्षा का भी प्रमुख केंद्र बनेगा. यहां हर वर्ष 100 से अधिक एमबीबीएस सीटों पर प्रवेश की व्यवस्था होगी. इससे प्रदेश के युवाओं को डॉक्टर बनने का अवसर मिलेगा और भविष्य में क्षेत्र में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता भी बढ़ेगी.
"गरीब और मध्यम वर्ग को मिलेगा सबसे बड़ा लाभ": राज्यसभा सांसद किरण चौधरी ने मेडिकल कॉलेज की उपयोगिता बताते हुए कहा कि, "इस मेडिकल कॉलेज का सबसे बड़ा फायदा हमारे गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों को होगा. अब उच्च स्तरीय इलाज और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उनके घर के पास उपलब्ध होंगी. यह परियोजना पूरे क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई दिशा देने का काम करेगी."
सिंचाई परियोजनाओं पर भी रहेगा सरकार का फोकस: वहीं, बातचीत के दौरान कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा कि, "स्वास्थ्य के साथ-साथ सरकार कृषि और सिंचाई क्षेत्र को भी मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है. दक्षिणी हरियाणा के अंतिम छोर तक पानी पहुंचाने के लिए लिफ्ट इरिगेशन परियोजनाओं को मजबूत किया जा रहा है. पुराने पंप हाउसों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है ताकि ऊंचे क्षेत्रों तक भी पानी आसानी से पहुंच सके."
नहरों के पुनर्वास और जलभराव से राहत की योजना: श्रुति चौधरी ने बताया कि, "क्षेत्र की पुरानी नहरों और रजवाहों के जीर्णोद्धार का कार्य तेज गति से चल रहा है. इससे पानी की बर्बादी कम होगी और अधिक क्षेत्र की सिंचाई संभव हो सकेगी. जिन इलाकों में जलभराव की समस्या है, वहां नए ड्रेन प्रोजेक्ट्स के माध्यम से स्थायी समाधान की दिशा में काम किया जा रहा है."
ग्रीन एनर्जी भविष्य की जरूरत: पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए श्रुति चौधरी ने कहा कि, "भविष्य ग्रीन एनर्जी का है. हमें आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा और सुरक्षित पर्यावरण देना है. आज का यह कदम इसी दिशा में एक छोटा सा संकल्प है." उन्होंने लोगों से भी पर्यावरण संरक्षण के लिए स्वच्छ ऊर्जा अपनाने की अपील की.
भिवानी के विकास में नया अध्याय जुड़ने की उम्मीद: प्रधानमंत्री द्वारा प्रस्तावित उद्घाटन के बाद भिवानी को स्वास्थ्य सेवाओं, मेडिकल शिक्षा और क्षेत्रीय विकास के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली है. वहीं, स्थानीय लोगों का मानना है कि मेडिकल कॉलेज के शुरू होने से न केवल मरीजों को बेहतर इलाज मिलेगा, बल्कि रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य ढांचे को भी नई मजबूती मिलेगी.

